25 दिसंबर को पूरी दुनिया में क्रिसमिस का त्योहार मनाया जाता है. इसके साथ ही नए साल के आने की दस्तक सुनाई देने लगती है. वहीं, इतिहास में यह तारीख कई महान विभूतियों के जन्म और निधन के साथ दर्ज है. इनमें से एक हैं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी. 1924 में आज ही के दिन वाजपेयी का जन्म हुआ था.
उनके अलावा पड़ोसी देश पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ भी 1949 में 25 दिसंबर के दिन ही पैदा हुए थे. इनके अलावा मिस्र के पूर्व राष्ट्रपति अनवर सादात का जन्म भी 25 दिसंबर, 1918 को हुआ था. वहीं, इस दिन दुनिया से रुख्सत होने वालों की बात करें तो मूक फिल्मों के महानतम अभिनेता चार्ली चैपलिन का निधन 25 दिसंबर, 1977 को हुआ.
देश-दुनिया के इतिहास में 25 दिसंबर की तारीख में दर्ज विभिन्न घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:
1771 : मुगल शासक शाह आलम द्वितीय मराठाओं के संरक्षण में दिल्ली के सिंहासन पर बैठे.
1918 : मिस्र के सैन्य अधिकारी और राजनेता अनवर सादात का जन्म. वह 1970 में मिस्र के राष्ट्रपति बने और 1981 में उनकी हत्या तक इस पद पर बने रहे.
1924 : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जन्म. वे 1996 और फिर 1998 से 2004 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे. उन्हें पाकिस्तान और चीन के साथ संबंध बेहतर बनाने का श्रेय जाता है.
1949 : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का जन्म. वे 1990-93, 1997-98, और 2013-17 तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे.
1977 : विश्वप्रसिद्ध कॉमेडियन और फिल्म निर्देशक चार्ली चैपलिन का स्विटजरलैंड में निधन. उन्हें मूक फिल्मों का युगपुरुष माना जाता है.
1989 : रोमानिया के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलाए चाउसेस्कू और उनकी पत्नी एलेना को राष्ट्र के खिलाफ अपराधों का दोषी पाया गया और गोली से उड़ा दिया गया.
1991 : मिखाइल गोर्बाच्योफ के सोवियत संघ के राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के साथ ही सोवियत संघ के पतन की शुरूआत हुई.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.