अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप क्रिसमस की पूर्व संध्या (सोमवार) पर व्हाइट हाउस में ‘अकेले’ रह गए. ऐसे में ऊब रहे डोनाल्ड ट्रंप ने अपना पूरा दिन आलोचकों पर हमला बोलने में बिताया. ट्विटर पर एक के बाद एक ट्वीट कर और तस्वीरें पोस्ट कर उन्होंने यह दिखाया कि वे अपने स्टाफ के साथ कड़ी मेहनत कर रहे हैं, जबकि विपक्षी डेमोक्रेटिक सांसद अपने घरों में क्रिसमस मना रहे हैं.
अमेरिका में सरकारी विभागों की गतिविधियां आंशिक रूप से ठप हुए तीन दिन बीत गए हैं. ट्रंप की अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर दीवार निर्माण के लिए वित्तपोषण की मांग को लेकर डेमोक्रेट्स से विवाद के बाद यह गतिरोध उत्पन्न हुआ है. इस बीच सोमवार को ट्रंप ने फ्लोरिडा में अपने मारा लागो रिसॉर्ट की यात्रा रद्द कर दी. इसके बाद उन्होंने कहा कि वे व्हाइट हाउस में पूरी तरह ‘अकेले थे’ और आंशिक रूप से ठप पड़े सरकारी कामकाज को शुरू करने के लिए डेमोक्रेट्स से बातचीत का इंतजार करते रहे.
पीटीआई के मुताबिक ट्रंप ने ट्वीट कर कहा, ‘मैं व्हाइट हाउस में पूरी तरह अकेला हूं और डेमोक्रेट्स के वापस आने और शीघ्र जरूरत वाली सीमा सुरक्षा पर एक समझौता करने के लिए इंतजार कर रहा हूं.’ ट्रंप ने कहा कि डेमोक्रेट्स को गतिरोध खत्म करना चाहिए ताकि अमेरिका के अरबों डॉलर और जिंदगियां बच सकें.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.