लड़ाकू विमान रफाल के मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग को आज के अखबारों ने पहले पन्ने पर जगह दी है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स कंपनी (एचएएल) को एक लाख करोड़ रुपये के सरकारी ऑर्डर देने की बात कहकर रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है. राहुल गांधी ने आगे कहा कि रक्षा मंत्री अपने बयान के समर्थन में दस्तावेज पेश करें या फिर इस्तीफा दें. दूसरी ओर, निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस अध्यक्ष पर मामले को बिना समझे झूठ फैलाकर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया. इससे पहले राहुल गांधी एक खबर का जिक्र करते हुए कहा कि एचएएल ने कहा है कि उन्हें एक पैसे का ठेका नहीं मिला है. दूसरी ओर, रक्षा मंत्री ने संसद में एक लाख करोड़ रुपये के ऑर्डर प्रक्रिया में होने की बात कही थी.

अमेरिका : 14 वर्षों से कोमा में पड़ी महिला के मां बनने से हड़कंप
अमेरिका के फीनिक्स में 14 साल से कोमा में पड़ी एक महिला के मां बनने से हड़कंप मच गया है. हिन्दुस्तान में प्रकाशित खबर के मुताबिक पुलिस ने महिला के साथ बलात्कार की आशंका को देखते हुए इस मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जाता है कि करीब डेढ़ दशक पहले पानी में डूबने की वजह से महिला कोमा में चली गई थी. इसके बाद बीती 29 दिसंबर को उसको प्रसव पीड़ा होने के बाद डॉक्टरों ने महिला के गर्भवती होने की पुष्टि की थी. अखबार ने स्थानीय मीडिया के हवाले से कहा है कि महिला ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है.
संसदीय समिति ने आरबीआई और बैंकों से एटीएम की वजह से होने वाली दिक्कतों को दूर करने को कहा
वित्त मामलों पर संसद की स्थायी समिति ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से एटीएम बंद होने पर ग्राहकों को होने वाली दिक्कतों को दूर करने को कहा है. नवभारत टाइम्स की खबर के मुताबिक वीरप्पा मोइली की अध्यक्षता वाली इस समिति ने बैंकों से भी बड़ी संख्या में एटीएम लगाने को कहा है. इस बारे में बीते हफ्ते समिति ने अपनी रिपोर्ट संसद में पेश की है. इसमें कहा गया है कि डिजिटल लेन-देन बढ़ रहे हैं, हालांकि, यह अभी सभी जगह नहीं हो रहा है. समिति का यह भी कहना है कि जब अधिक से अधिक एटीएम कार्ड जारी किए जा रहे हैं और बैंक बड़ी संख्या में जन-धन खाते खोल रहे हैं तो ऐसी स्थिति में एटीएम पैसे निकालने का बड़ा जरिया बन गए हैं. इस संसदीय रिपोर्ट की मानें तो नकदी की आपूर्ति न होने की वजह से साल 2017-18 में करीब 1300 एटीएम बंद हो गए.
कृषि संकट की स्थिति के बीच किसानों पर नकली कीटनाशकों की मार
कृषि संकट की स्थिति के बीच देश के किसान नकली कीटनाशक की समस्या से भी जूझ रहे हैं. अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक हर साल औसतन 1665 नकली कीटनाशक निरीक्षकों द्वारा पकड़े जा रहे हैं. इस बारे में बीते तीन साल में 1936 मामलों में आरोपपत्र दायर किए जा चुके हैं. बताया जाता है कि पिछले तीन वर्षों में नकली कीटनाशकों के सर्वाधिक मामले उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड से आए हैं. वहीं, केंद्रीय कृषि मंत्रालय की मानें तो कीटनाशकों की गुणवत्ता की जांच के लिए केंद्र और राज्य द्वारा साझा निगरानी की जाती है. इसके लिए देशभर में 182 प्रयोगशालाएं हैं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.