आयकर विभाग ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी मां व यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौ करोड़ रुपये का टैक्स नोटिस भेजा है. यह नोटिस नेशनल हेराल्ड की प्रकाशक कंपनी एजेएल से संबंधित उनकी आय के पुनर्मूल्यांकन के बाद जारी किया गया है. नोटिस के मुताबिक राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर करीब सौ करोड़ रुपये की देनदारी है. विभाग ने कांग्रेस नेता ऑस्कर फर्नांडिस को भी नोटिस भेजा है जिसमें उनकी आय 48.93 करोड़ रुपये बताई गई है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक यह नोटिस 2011-12 के आय निर्धारण के पुनर्मूल्यांकन के बाद भेजा गया है. आय कर विभाग के मुताबिक राहुल और सोनिया गांधी ने उस साल इनकम टैक्स रिटर्न भरते हुए अपनी 300 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की आय ‘छिपाई’. विभाग के मुताबिक उन पर सौ करोड़ रुपये की देनदारी बनती है. अखबार ने नोटिस के हवाले से बताया कि उस साल सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने अपनी आय क्रमशः 155.41 करोड़ रुपये और 154.96 करोड़ रुपये बताई थी. रिपोर्ट के मुताबिक उस साल राहुल गांधी ने 68.12 लाख रुपये का आयकर रिटर्न भरा था.
वहीं, नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेताओं के कर निर्धारण की फाइल दोबारा खोले जाने के खिलाफ दायर याचिका की सुनवाई में वरिष्ठ वकील और कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि सोनिया पर गलत तरीके से 44 करोड़ रुपये की देनदारी थोपी गई है. उन्होंने कहा कि आय कर अधिकारियों ने लापरवाही बरतते हुए यह निष्कर्ष निकाला कि सोनिया गांधी ने एजेएल से संबंधित अपनी 141 करोड़ रुपये की आय घोषित ‘नहीं’ की.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.