कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने देशभर के किसानों से उनका कर्ज माफ करने का वादा किया है. स्क्रोल डॉट इन के मुताबिक राहुल गांधी ने यह बात राजस्थान के जयपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए कही. उन्होंने कहा है, ‘अगर लोकसभा के अगले चुनाव में कांग्रेस केंद्र की गद्दी पर काबिज हुई तो देशभर के किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा.’
उन्होंने आगे कहा, ‘मैं समझता हूं कि किसानों की समस्याओं का हल सिर्फ कर्जमाफी से नहीं हो सकता. लेकिन यह कदम उन्हें शुरुआती राहत देने के लिए उठाया जाएगा.’ राहुल गांधी के मुताबिक किसानों की समस्याएं खत्म करने के लिए देश में एक और ‘हरित क्रांति’ की जरूरत है. उन्होंने यह भी कहा कि किसानों के फायदे के लिए कांग्रेस सरकार कृषि क्षेत्र के नजदीकी इलाकों में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां लगाने के अलावा मेगा फूड पार्कों का निर्माण करेगी.
इससे पहले बीते साल नवंबर-दिसंबर में हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस ने किसानों से कर्जमाफी का वादा किया था. माना जाता है कि इसी वादे के दम पर पार्टी को राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में अपनी सरकार बनाने में मदद मिली है. हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा नीति आयोग किसानों की कर्जमाफी के समर्थन में नहीं है. इनका तर्क है कि यह इस समस्या का दीर्घकालिक उपाय नहीं है.
उधर, राजस्थान में आज की ही रैली के दौरान राहुल गांधी ने रफाल विमान सौदे को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा. प्रधानमंत्री को ‘चोर’ बताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस इस रक्षा सौदे की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की मांग लगातार दोहरा रही है. इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष ने रफाल विमानों की कीमत और इसमें हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के बजाय अनिल अंबानी की कंपनी को साझेदार बनाए जाने पर भी सवाल उठाए. राजस्थान में बीते महीने कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के गठन के बाद राहुल गांधी का यह राज्य का पहला दौरा था.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.