क्रिकेटर हार्दिक पंड्या और लोकेश राहुल महिलाओं के लिए कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर लगातार आलोचना का सामना कर रहे हैं. इस मुद्दे पर अब भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने भी अपनी बात रखी है. उन्होंने आज कहा कि भारतीय टीम हार्दिक पंड्या और लोकेश राहुल की टीवी शो के दौरान महिलाओं पर ‘अनुचित’ टिप्पणी का समर्थन नहीं करती. इसके साथ ही विराट कोहली ने इस बात पर जोर दिया कि इस विवाद से ड्रेसिंग रूम का मनोबल प्रभावित नहीं होगा.
पीटीआई के मुताबिक भारतीय कप्तान ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए पंड्या और राहुल की उपलब्धता इस पर निर्भर करेगी कि बीसीसीआई शुक्रवार को उनके खिलाफ कोई कार्रवाई करता है या नहीं. कोहली ने पहले मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘निश्चित तौर पर भारतीय क्रिकेट टीम के रूप में हम इस तरह के नजरिये का समर्थन नहीं करते और यह (दोनों खिलाड़ियों को) बता दिया गया है... यह पूरी तरह से व्यक्तिगत नजरिया है. दोनों खिलाड़ियों ने महसूस किया है कि क्या गलत हुआ और वे इसके स्तर को समझते हैं.’
कोहली ने स्वीकार किया कि पंड्या और राहुल पर इस विवाद का गहरा असर पड़ा है. इसे लेकर उन्होंने कहा, ‘वे समझते हैं कि क्या चीजें सही नहीं हुईं. हम फैसले का इंतजार कर रहे हैं.’ बता दें कि प्रशासकों की समिति के प्रमुख विनोद दाय ने गुरुवार को पंड्या और राहुल पर दो एकदिवसीय मैचों का प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की थी. लेकिन सीओए की उनकी साथी सदस्य डायना एडुल्जी ने इस मामले को बीसीसीआई के विधि विभाग के पास भेज दिया.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.