‘सुप्रीम कोर्ट अयोध्या विवाद का मामला हमें सौंप दे तो हम इसे 24 घंटे में सुलझा देंगे.’
— योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ का यह बयान अयोध्या मसले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई में हो रही देर पर आया है. उन्होंने कहा है, ‘सुप्रीम कोर्ट से मेरा आग्रह है कि वह इस मुद्दे पर जल्द अपना फैसला सुनाए. अगर वह ऐसा नहीं कर सकता तो फिर यह मसला हमें सौंप दे. हमें इसे सुलझाने में 25वां घंटा नहीं लगेगा.’ योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को करोड़ों देशवासियों की आस्था व विश्वास से जुड़ा प्रश्न भी बताया है.

‘इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के हैकिंग की संभावना शत-प्रतिशत है.’
— चंद्रबाबू नायडू, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री
चंद्रबाबू नायडू ने यह बात आंध्र प्रदेश में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही. इस दौरान उन्होंने यह भी कहा, ‘हैकर्स के हाथों लोकतंत्र की कुर्बानी नहीं दी जा सकती. इसलिए चुनाव आयोग को मतपत्र (बैलेट पेपर) के जरिये आगामी आम चुनाव कराने पर विचार करना चाहिए.’ चंद्रबाबू नायडू के मुताबिक अगर ऐसा संभव नहीं है तो चुनाव आयोग को हर वोट की वीवीपीएटी पर्चियां निकालने की व्यवस्था सुनिश्चत करनी चाहिए.
‘भाजपा और संघ आम चुनाव से पहले कर्नाटक सरकार को अस्थिर करना चाहते हैं.’
— मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता
मल्लिकार्जुन खड़गे का यह बयान एक सवाल के जवाब में आया है. उन्होंने यह भी कहा कि आम चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार कर्नाटक में राष्ट्रपति शासन लगवाने की कोशिश रही है. उनके मुताबिक यह सब कुछ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के इशारे पर हो रहा है. इसके साथ ही मल्लिकार्जुन खड़गे ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भाजपा कांग्रेस का एक विधायक तोड़ेगी तो उसको अपने दस विधायकों का नुकसान सहना होगा.
‘संन्यासियों को भी भारत रत्न देने पर विचार किया जाए.’
— बाबा रामदेव, योग गुरु
बाबा रामदेव का यह बयान पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को भारत रत्न सम्मान दिए जाने वाले केंद्र सरकार के फैसले के समर्थन में आया है. इसके साथ उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति को यह सम्मान दिए जाने से इस सम्मान के गौरव में इजाफा हुआ है. बाबा रामदेव ने आगे कहा कि देश में अनेक ऐसे संन्यासी हैं जिन्होंने अभूतपूर्व कार्य किए हैं. ऐसे में सरकार को उन संन्यासियों को भी भारत रत्न से सम्मानित करने का विचार करना चाहिए.
‘मैं भारत की समृद्धि और सफलता की कामना करता हूं.’
— व्लादिमीर पुतिन, रूस के राष्ट्रपति
व्लादिमीर पुतिन का यह बयान भारत के 70वें गणतंत्र दिवस के मौके पर भारतीय लोगों को बधाई देते हुए आया है. उन्होंने कहा, ‘भारत ने सामाजिक, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीक सहित दूसरे क्षेत्रों में प्रभावशाली सफलता हासिल की है.’ व्लादिमीर पुतिन के मुताबिक भारत-रूस के मैत्रीपूर्ण संबंध दोनों देशों के लोगों के हितों को पूरा करते हैं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.