भारत में 30 जनवरी का दिन इतिहास की सबसे दुखद घटनाओं में से एक के लिए याद किया जाता है. 1948 में आज ही के दिन नाथूराम गोडसे ने महात्मा गांधी की गोली मार कर हत्या कर दी थी. अहिंसा को अपना सबसे बड़ा हथियार बना कर अंग्रेजों को देश से बाहर का रास्ता दिखाने वाले महात्मा गांधी उस दिन भी रोज की तरह शाम की प्रार्थना के लिए जा रहे थे. उसी दौरान अचानक सामने आए गोडसे ने उन्हें बहुत करीब से गोली मारी और साबरमती का संत ‘हे राम’ कहकर दुनिया से विदा हो गया.

30 जनवरी, 1948 को एक नव स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में भारत के सिर से उसके ‘पिता’ का साया उठ गया. बाद में गोडसे ने कहा कि उसने देश के बंटवारे के लिए गांधीजी को जिम्मेदार मानते हुए उनकी हत्या की. लेकिन उस घटना के बाद का इतिहास गवाह है कि देश ने गोडसे को नकारा है और गांधी को एक विचार के रूप में जिंदा रखा है. उन्हें मृत्यु के बाद दुनियाभर में और ज्यादा सम्मान मिला.

देश-दुनिया के इतिहास में 30 जनवरी को दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:

1933 : राष्ट्रपति पॉल वान हिंडेनबर्ग ने अडोल्फ हिटलर को जर्मनी का चांसलर बनाया.

1941 : नौवहन के इतिहास की एक बड़ी घटना में सोवियत संघ की एक पनडुब्बी ने जर्मनी का एक पोत डुबा दिया, जिससे उसमें सवार करीब 9,000 लोगों की मौत हो गई.

1965 : ब्रिटेन के लोगों ने द्वितीय विश्व युद्ध के समय देश के प्रधानमंत्री रहे विंस्टन चर्चिल को अंतिम विदाई दी.

2004 : वैज्ञानिकों ने एक संवाददाता सम्मेलन में ऐलान किया कि मंगल पर भेजे गए अंतरिक्ष यान ‘अपोर्चुनिटी’ को मंगल ग्रह पर आयरन ऑक्साइड की मौजूदगी के संकेत मिले हैं. इसका सीधा मतलब है कि संभवत: एक समय वहां पानी रहा होगा.

2007 : एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सौदे में भारत की दिग्गज कंपनी टाटा ने एंग्लो डच स्टील निर्माता कंपनी कोरस ग्रुप को 12 अरब डॉलर से अधिक में ख़रीदा.

2009 : ऑस्ट्रेलिया ओपन के मिक्स्ड डबल मुकाबले में सानिया मिर्जा और महेश भूपति की जोड़ी फाइनल में पहुंची.

2009 : कोका कोला कंपनी ने ऐलान किया कि वह अमेरिका में अपने प्रमुख उत्पाद ‘कोका कोला क्लासिक’ का नाम बदलकर कोका कोला करने जा रही है. कोका कोला के साथ ‘क्लासिक’ शब्द को 1985 में जोड़ा गया था.