भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या ने कहा है कि वह खुद को भारत प्रत्यर्पित करने के ब्रिटेन सरकार के आदेश के खिलाफ अपील करेगा. सोमवार को ब्रिटेन के गृह मंत्री साजिद जावीद ने विजय माल्या को करारा झटका देते हुए उसे भारत प्रत्यर्पित करने का आदेश दिया था. इसके कुछ घंटों बाद प्रतिक्रिया देते हुए माल्या ने कहा कि गृह मंत्री के आदेश के बाद अब वह अपील प्रक्रिया शुरू करेगा.
पीटीआई के मुताबिक माल्या के पास ब्रिटेन की हाई कोर्ट में अपील की इजाजत हासिल करने के लिए चार फरवरी से 14 दिनों का वक्त है. इसे लेकर भगोड़े शराब कारोबारी ने ट्वीट कर कहा, ‘10 दिसंबर 2018 के वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट अदालत के फैसले के बाद मैंने अपील करने के अपने इरादे का जिक्र किया था. गृह मंत्री के फैसले से पहले मैं अपील की प्रक्रिया शुरू नहीं कर सकता था. अब मैं अपील की प्रक्रिया शुरू कर सकता हूं.’
लंदन की वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट की अदालत ने 10 दिसंबर, 2018 को कहा था कि 63 साल के कारोबारी माल्या को भारतीय अदालतों के समक्ष जवाब देने होंगे. इसके बाद प्रत्यर्पण संधि की प्रक्रियाओं के तहत चीफ मजिस्ट्रेट का फैसला गृह मंत्री जावीद को भेजा गया था, क्योंकि सिर्फ गृह मंत्री ही माल्या के प्रत्यर्पण का आदेश देने के लिए अधिकृत हैं.
सोमवार को ब्रिटिश गृह कार्यालय ने बताया कि गृह मंत्री ने धोखाधड़ी की साजिश रचने और धन शोधन के आरोपों के तहत माल्या के प्रत्यर्पण के आदेश दिए हैं. खबर के मुताबिक गृह कार्यालय के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘सभी प्रासंगिक मामलों पर विचार करने के बाद तीन फरवरी को मंत्री ने विजय माल्या को भारत प्रत्यर्पित करने के आदेश पर दस्तखत कर दिए.’
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.