सेना के पास धन की कमी, अफसरों के भत्ते रोके गए : सूत्र
भारतीय सेना धन की कमी का सामना कर रही है. पैसे की तंगी की वज़ह से अफसरों के भत्ते भी रोक दिए गए हैं. हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार नाम न छापने की शर्त पर सूत्रों ने बताया है कि सोमवार को अकाउंट डिवीज़न ने सेना की वेबसाइट पर एक नोटिस अपलोड किया था. इसे कुछ समय बाद हटा लिया गया. इस नोटिस में कहा गया था, ‘पर्याप्त फंड न होने की वज़ह से अफसरों के टीए/डीए (सेना के काम से कहीं आने-जाने के लिए दिया जाने वाला यात्रा और भोजन ख़र्च) की राशि अभी रोकी जा रही है. इसका भुगतान तब होगा जब संबंधित मद में पर्यात्त रकम का इंतज़ाम हो जाएगा.’ (विस्तार से)
इंदिरा गांधी की नरेंद्र मोदी से तुलना नहीं की जा सकती, यह इंदिराजी का अपमान है : राहुल गांधी
‘मेरी दादी (पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी) प्यार और स्नेह से फ़ैसले लेती थीं. उनके काम लोगों को आपस में जोड़ने वाले थे. देश के ग़रीबों के प्रति उनके मन में सुहानुभूति थी. लेकिन मोदी (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) के फ़ैसले गुस्से और नफ़रत से प्रेरित होते हैं. वे देश को बांटते हैं. देश के ग़रीबाें और कमज़ोर तबकों के लिए उनके मन में कोई सुहानुभूति नहीं है. ऐसे में नरेंद्र मोदी से इंदिरा गांधी की तुलना करना इंदिराजी का अपमान करना है.’ (विस्तार से)
प्रत्यर्पण आदेश के खिलाफ अपील करूंगा : विजय माल्या
भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या ने कहा है कि वह खुद को भारत प्रत्यर्पित करने के ब्रिटेन सरकार के आदेश के खिलाफ अपील करेगा. सोमवार को ब्रिटेन के गृह मंत्री साजिद जावीद ने विजय माल्या को करारा झटका देते हुए उसे भारत प्रत्यर्पित करने का आदेश दिया था. इसके कुछ घंटों बाद प्रतिक्रिया देते हुए माल्या ने कहा कि गृह मंत्री के आदेश के बाद अब वह अपील प्रक्रिया शुरू करेगा. (विस्तार से)
मिजोरम के भाजपा प्रमुख ने नागरिकता विधेयक के विवाद पर पार्टी की राज्य इकाई भंग करने की धमकी दी
मिजोरम भाजपा प्रमुख जॉन वी लूना ने धमकी दी है कि केंद्रीय नेतृत्व अगर पूर्वोत्तर के लोगों के हितों को नुकसान पहुंचा रहे नागरिकता (संशोधन) विधेयक को पास कराने की दिशा में आगे बढ़ता है तो वह पार्टी की राज्य इकाई को भंग कर देंगे. उन्होंने जोर देकर कहा कि मिजोरम के लोग और उनकी सुरक्षा प्राथमिक महत्व की चीज है. (विस्तार से)
सरकार चालू वित्त वर्ष में 36,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर्ज लेगी
सरकार ने चालू वित्त वर्ष में अपने खर्चों को पूरा करने के लिए सरकारी प्रतिभूतियों (बॉन्ड) के जरिये 36,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर्ज जुटाने का फैसला किया है. सरकार ने दो किस्तों में 11 से 15 मार्च और 18 से 22 मार्च के दौरान 18,000-18,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर्ज जुटाने का फैसला किया है. (विस्तार से)
शारदा चिटफंड मामला : सुप्रीम कोर्ट ने राजीव कुमार को सीबीआई के सामने पेश होने का आदेश दिया
सुप्रीम कोर्ट ने कोलकाता के पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार को आदेश दिया है कि वे शारदा चिटफंड घोटाले की जांच में सीबीआई के समक्ष पेश हों. शीर्ष अदालत ने आज इस मामले में सीबीआई की अपील पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया. खबर के मुताबिक कोर्ट ने कहा कि राजीव कुमार के खिलाफ कोई दंडात्मक कदम नहीं उठाया जाएगा और वे घोटाले की जांच में केंद्रीय एजेंसी के साथ पूरा सहयोग करें. (विस्तार से)
डोनाल्ड ट्रंप को झटका, अमेरिकी सीनेट ने सैनिकों की वापसी के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया
अमेरिकी सीनेट ने सीरिया व अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों को वापस बुलाने के मुद्दे पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को झटका दिया है. उसने इस संबंध में डोनाल्ड ट्रंप के उठाए कदम के खिलाफ लाए गए प्रस्ताव को भारी बहुमत से पारित कर दिया है. कहा जा रहा है कि प्रस्ताव के पक्ष में ट्रंप की अपनी रिपब्लिकन पार्टी के सांसदों ने भी मतदान किया. इससे पार्टी के भीतर के मतभेद स्पष्ट रूप से सामने आ गए हैं. (विस्तार से)
महाराष्ट्र : अन्ना हजारे ने अपना अनिश्चितकालीन अनशन खत्म किया
सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने सात दिन से चला आ रहा अपना अनशन खत्म कर दिया है. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार की शाम अन्ना हजारे से मुलाकात की थी. साथ ही उन्हें बताया कि सरकार ने उनकी मांगों को स्वीकार कर लिया है. इसके बाद देवेंद्र फडणवीस के हाथों जूस पीकर अन्ना हजारे ने अपना अनशन खत्म कर दिया. (विस्तार से)
सरकार बिलियर्ड्स और स्नूकर के साथ बहुत ज्यादा भेदभाव कर रही है : पंकज आडवाणी
दिग्गज क्यू खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने मंगलवार को कहा कि सरकार अन्य खेलों के मुकाबले बिलियर्ड्स और स्नूकर को देश में बेहद कम मदद दे रही है और इस भेदभाव को खत्म किया जाना चाहिये. इंदौर में आडवाणी ने संवाददाताओं से कहा, केंद्र सरकार और राज्य सरकारों की नीतियां ओलंपिक खेलों और एशियाई स्पर्धाओं में खेले जाने वाले खेलों को बहुत ज्यादा समर्थन दे रही हैं...लेकिन सरकारी क्षेत्र में बिलियर्ड्स और स्नूकर के साथ बहुत ज्यादा भेदभाव किया जा रहा है.’ (विस्तार से)
हेलीकॉप्टर उतारने की इजाज़त नहीं मिली तो योगी आदित्यनाथ सड़क मार्ग से पश्चिम बंगाल पहुंचे
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार और भारतीय जनता पार्टी के बीच सीधी लड़ाई जोर पकड़ रही है. अभी इसी रविवार की बात है. भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पश्चिम बंगाल के बलूरघाट में एक जनसभा काे संबोधित करना था. लेकिन सरकारी मशीनरी ने उनके हेलीकॉप्टर को यहां उतारने की इजाज़त नहीं दी. इसके बाद मंगलवार को योगी आदित्यनाथ सड़क मार्ग से बंगाल पहुंचे. वहां उन्होंने पुरुलिया में जनसभा को संबोधित किया. (विस्तार से)
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.