राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने मुजफ्फरपुर आश्रय गृह मामले को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बेहद तल्ख टिप्पणी की है. गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को दिल्ली की पॉक्सो अदालत में स्थानांतरित करने का आदेश दिया था. इस पर अपने धुर विरोधी व जेडीयू के अध्यक्ष की जबर्दस्त आलोचना करते हुए लालू यादव ने कहा, ‘का हो नीतीश, कुछ शरम बचल बा की नहीं.’
लालू यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव समेत कई विपक्षी नेता इस यौन उत्पीड़न कांड के आरोपितों के खिलाफ लगे आरोपों को लेकर नीतीश कुमार पर चुप्पी साधने का आरोप लगाते रहे हैं. इसके चलते उन्हें और जेडीयू को बार-बार शर्मिंदगी झेलनी पड़ी है. गुरुवार को भी उनकी सरकार और पुलिस की सुप्रीम कोर्ट में फजीहत हुई. पीटीआई के मुताबिक इसी को लेकर लालू ने यह बात कही. एक अन्य ट्वीट में आरजेडी सुप्रीमो ने कड़वे अंदाज में कहा, ‘बिहार के बलात्कारियों को संरक्षण देने के आदी, चुप ही रहेंगे. चुप.’
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.