अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रैली में ‘ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन’ (बीबीसी) के एक कैमरामैन पर हमले के बाद संस्थान ने व्हाइट हाउस से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा है. सोमवार को टेक्सास के एल पासो में अमेरिकी राष्ट्रपति की रैली के दौरान उनके एक समर्थक ने मीडिया विरोधी नारेबाजी करते हुए बीबीसी के कैमरामैन रोन सकीन्स पर हमला कर दिया था.
इस हमले में सकीन्स को कोई चोट नहीं आई है. हमला करने वाले व्यक्ति को ट्रंप समर्थक ‘फ्रंटलाइन अमेरिका’ के एक ब्लॉगर ने रोक दिया था. इसके बाद मंगलवार को बीबीसी के अमेरिका ब्यूरो के संपादक पॉल डैनहर ने एक ट्वीट में बताया कि उन्होंने व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव सारा सैंडर्स से पिछली रात हुए हमले के बाद सुरक्षा के इंतजामों की पूर्ण सीमक्षा करने की मांग की है.
पीटीआई के मुताबिक डैनहर ने कहा, ‘मीडिया क्षेत्र में पहुंच लापरवाही का नतीजा है... हमले के दौरान या उसके बाद कानून एजेंसियों ने कोई हस्तक्षेप नहीं किया.’ डैनहर ने राष्ट्रपति ट्रंप के उस बयान को भी खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने रैली वाली जगह की सुरक्षा और कानून एजेंसियों के अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की थी. उन्होंने कहा, ‘किसी भी सुरक्षा एजेंसी द्वारा हमले को रोकने के लिए कोई त्वरित कार्रवाई नहीं की गई.’
उधर, व्हाइट हाउस संवाददाता संघ ने इस हमले की निंदा की है. उसने किसी खास घटना का जिक्र किए बिना कहा, ‘राष्ट्रपति ट्रंप मीडिया के सदस्यों सहित किसी व्यक्ति या किसी समूह द्वारा अंजाम दिए हिंसा के हर कृत्य की निंदा करते हैं.’
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.