पुलवामा हमले के बाद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने केंद्र सरकार और उसके अजीत डोभाल जैसे शीर्ष अधिकारियों पर सीधा हमला बोला है. हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया. उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘आतंकी हमले का ख़ुफ़िया अलर्ट पहले से था. लेकिन वे कौन लोग हैं जो इस तरह के अलर्ट पर भी कार्रवाई नहीं कर सकते. जिन्होंने नहीं की. आपने (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) उन्हें ही पूरी ज़िम्मेदारियां (राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की तरफ इशारा) क्यों दे रखी हैं? उन्हें पद से हटाइए.’

उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘इस हमले के लिए कौन सी ख़ामियां ज़िम्मेदार थीं, उन्हें चिन्हित कीजिए. पूरी जांच कराकर ज़िम्मेदारों को सजा दीजिए. अब सिर्फ नारे और आश्वासन देने से काम नहीं चलेगा. पांच साल पहले भी आपने नारे दिए थे. आश्वासन दिया था. लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ. अब वक़्त है. चुनाव को किनारे रखिए. सेना को आदेश दीजिए कि वह पाकिस्तान में घुसकर उसे सबक सिखाकर आए.’ उन्होंने देशवासियों से शांति बनाए रखने की सरकार की अपील पर भी कटाक्ष किया.

उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘हम लोग (देशवासी) शांत रहने के अलावा और कर भी क्या सकते हैं. लेकिन हमें अब भी सरकार से अपेक्षा है कि वह शांत नहीं रहेगी. वह पाकिस्तान को सबक ज़रूर सिखाएगी.’ उन्होंने कहा कि उरी हमले के बाद जो ‘सर्जिकल स्ट्राइक हुई थी वह असल में भारतीय धरती पर ही हुई थी. क्योंकि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) को हम अपना हिस्सा मानते हैं. इसलिए भारतीय सेना पीओके में नहीं बल्कि पाकिस्तान में घुसकर उसे सबक सिखाकर आए.’