पुलवामा हमला : भारत ने पाकिस्तान से एमएफएन दर्ज़ा छीना
भारत ने पाकिस्तान से एमएफएन (मोस्ट फेवर्ड नेशन) का दर्ज़ा छीन लिया है. जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में सीआरपीएफ (केंद्रीय आरक्षित पुलिस बल) के 42 जवानों की मौत के बाद यह कार्रवाई की गई. (विस्तार से)
पुलवामा आतंकी हमला : भारत ने पाकिस्तानी उच्चायुक्त को तलब कर ‘डिमार्शे’ जारी किया
भारत ने शुक्रवार को पाकिस्तान के उच्चायुक्त को तलब किया और पुलवामा आतंकी हमले पर कड़ा विरोध जताते हुये ‘डिमार्शे’ (सख्त आपत्तिपत्र) जारी किया. पाकिस्तान से आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को भी कहा गया है. (विस्तार से)
एएमयू ने पुलवामा हमले का मजाक उड़ाने वाले छात्र को निलंबित किया
पुलवामा में सीआरपीएफ पर हुए आतंकी हमले का मजाक उड़ाने वाले अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के एक छात्र को निलंबित कर दिया गया है. एएमयू का कहना है कि ऐसे संवेदनशील मामलों पर उसकी ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ की नीति है. उधर, पुलिस ने इस छात्र के खिलाफ जांच शुरू कर दी है. (विस्तार से)
कीर्ति आजाद राहुल गांधी से मिले, 18 फरवरी को कांग्रेस में शामिल होंगे
भाजपा से निलंबित सांसद कीर्ति आजाद ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की है. पीटीआई ने कांग्रेस सूत्रों के हवाले से बताया है कि वे 18 फरवरी को कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं. वैसे आजाद को आज ही आधिकारिक रूप से कांग्रेस में शामिल होना था, लेकिन पुलवामा आतंकी हमले की पृष्ठभूमि में इस कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया. (विस्तार से)
आईटीआर फाइल करना है तो 31 मार्च तक पैन को आधार से लिंक कर दें : सीबीडीटी
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने जोर देकर कहा है कि जो लोग आयकर रिटर्न (आईटीआर) दाखिल कर रहे हैं उनके लिए पैन कार्ड को आधार से जोड़ना अनिवार्य है. इस काम को 31 मार्च तक पूरा किया जाना है. ( विस्तार से )
कौन हैं वे लोग जिन्होंने ख़ुफ़िया सूचना पर कार्रवाई नहीं की, उन्हें पद से हटाइए : शिवसे ना
पुलवामा हमले के बाद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने केंद्र सरकार और उसके अजीत डोभाल जैसे शीर्ष अधिकारियों पर सीधा हमला बोला है. हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया. उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘आतंकी हमले का ख़ुफ़िया अलर्ट पहले से था. लेकिन वे कौन लोग हैं जो इस तरह के अलर्ट पर भी कार्रवाई नहीं कर सकते. जिन्होंने नहीं की. आपने (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) उन्हें ही पूरी ज़िम्मेदारियां (राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की तरफ इशारा) क्यों दे रखी हैं? (विस्तार से)
विजय माल्या ने ब्रिटेन के उच्च न्यायालय में प्रत्यर्पण आदेश के खिलाफ अपील करने की अनुमति मांगी
भगोड़े शराब व्यवसायी विजय माल्या ने ब्रिटेन के उच्च न्यायालय में आवेदन कर ब्रिटेन सरकार के प्रत्यर्पण आदेश के खिलाफ अपील करने की अनुमति मांगी है. माल्या भारत में बैंकों का अनुमानित 9,000 करोड़ रुपये का ऋण जानबूझ कर नहीं चुकाने के आरोपी हैं. (विस्तार से)
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जल्द ही अमेरिका में आपातकाल लगा सकते हैं : रिपोर्ट
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप देश में आपातकाल लगा सकते हैं. इस बाबत एकाध दिन में ही डोनाल्ड ट्रंप कार्यकारी आदेश (एक्ज़ीक्यूटिव ऑर्डर) पर दस्तख़त कर सकते हैं. अमेरिकी मीडिया के हवाले से आई ख़बरों में यह जानकारी दी गई है. (विस्तार से)
चीन ने मसूद अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित करने की भारत की मांग फिर नकारी
चीन ने शुक्रवार को पुलवामा आतंकवादी हमले की निंदा की है. हालांकि उसने पाकिस्तान स्थित आतंकवादी समूह जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किए जाने की भारत की अपील का समर्थन करने से एक बार फिर इनकार कर दिया. गुरुवार को पुलवामा में सीआरपीफ जवानों के काफिले पर हुए हमले की जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ही ली है. (विस्तार से)
रफाल मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अपना बचाव किया, याचिका लगाने वाले वकीलों पर सवाल उठाए
रफाल मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अपने रुख़ का बचाव किया है. हालांकि इस मामले की शुक्रवार कोई सुनवाई तय नहीं थी. फिर भी शीर्ष अदालत के मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई ने एक अन्य मामले की सुनवाई के दौरान इसका ज़िक्र किया. साथ ही उन्होंने याचिका लगाने वाले वकीलों पर सवाल भी उठाए. (विस्तार से)
दिन की सभी खबरें यहां पढ़ें.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.