जयपुर के केंद्रीय कारागार में बंद एक पाकिस्तानी नागरिक की कथिततौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है. बुधवार को पुलिस महानिरीक्षक (कारागार) ने यह जानकारी दी है. पीटीआई के मुताबिक इस कैदी का नाम शकीरुल्लाह था और बताया जा रहा है कि इसे जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. वहीं आज तक की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि शकीरुल्लाह के साथ तीन अन्य कैदियों ने मारपीट की थी.
पिछले हफ्ते गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है. इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में पाकिस्तान विरोधी प्रदर्शन भी हुए हैं. जयपुर जेल का यह हत्याकांड इस घटनाक्रम से प्रभावित हो सकता है, हालांकि अभी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है और जेल प्रशासन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं.
भारत और पाकिस्तान ने बीते महीने ही अपने-अपने यहां जेलों में बंद एक दूसरे के नागरिकों की सूची की अदला-बदली की थी. इनके मुताबिक इस समय पाकिस्तान की जेलों में भारत के 537 और यहां की जेलों में पाकिस्तान के 347 नागरिक कैद हैं. दोनों देश हर साल इन सूचियों को साझा करते हैं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.