पाकिस्तान के एक हिंदू सांसद ने पुलवामा आतंकवादी हमले के मद्देनजर तनाव खत्म करने के लिए भारत और पाकिस्तान की सरकारों से शांति की अपील की है. पीटीआई के मुताबिक इसके साथ ही पाकिस्तान के इस सांसद ने कहा है कि अगर दोनों पड़ोसी देशों ने हाथ मिलाया तो नई दिल्ली को सबसे ज्यादा फायदा होगा.

सत्तारूढ़ पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के एक सदस्य रमेश कुमार वांकवानी ने दोनों सरकारों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाने की पेशकश भी की है. उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा है कि दोनों देशों को एक दूसरे पर आरोप लगाने से बचना चाहिए. रमेश कुमार वांकवानी पाकिस्तान हिंदू परिषद के संरक्षक हैं और इस समय भारत में हैं. वे 185 देशों के 220 सदस्यीय उस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं जो सरकार के आमंत्रण पर कुंभ मेले में हिस्सा लेने आया हुआ है.

पुलवामा आतंकवादी हमले के बाद बढ़ते तनाव पर पाकिस्तान के सांसद ने कहा कि इमरान खान की पार्टी के मुताबिक उनकी सरकार ‘इस तरह की स्थिति नहीं चाहती.’ वांकवानी ने आगे कहा है, ‘यदि आपको कोई आशंका है तो मुझे इस बारे में बताएं. मैं इसे अपनी सरकार के साथ साझा करूंगा. मैं इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से भी बात करूंगा.’ इस दौरान वांकवानी का यह भी कहना था कि उनके भारत के साथ आध्यात्मिक संबंध हैं और वे हर वर्ष दो बार यहां आते हैं.