न्यूजीलैंड के काइस्टचर्च शहर स्थित दो मस्जिदों में हुई गोलीबारी की घटना में 49 लोग मारे गए हैं. इस खबर को आज के अधिकतर अखबारों ने पहले पन्ने पर जगह दी है. यह गोलीबारी शुक्रवार को उस समय हुई जब मस्जिद में कई लोग नमाज के लिए इकट्ठे हुए थे. बताया जाता है कि इन हमलों में एक के पीछे जिम्मेदार आतंकी ने सोशल मीडिया पर खुद को 28 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई श्वेत राष्ट्रवादी बताया है. उसने कहा है कि वह आव्रजकों और मुसलमानों से नफरत करता है और यूरोप में मुस्लिमों द्वारा किए गए हमलों से गुस्से में था.

पश्चिम बंगाल : केंद्रीय बलों की तैनाती को लेकर टीएमसी और भाजपा में टकराव
पश्चिम बंगाल में सभी मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील घोषित करने की मांग और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती को लेकर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भाजपा के बीच टकराव बढ़ता हुआ दिख रहा है. जनसत्ता में प्रकाशित खबर के मुताबिक भाजपा की इस मांग के विरोध में टीएमसी ने कोलकाता में 48 घंटे का धरना शुरू कर दिया है .पार्टी का मानना है कि इस मांग के जरिए भाजपा ने राज्य की छवि धूमिल की है. टीएमसी महिला शाखा की प्रमुख चंद्रिमा भट्टाचार्य ने दावा किया है कि भाजपा का बंगाल में आधार नहीं है लेकिन, वह केंद्रीय बलों का इस्तेमाल कर चुनाव जीतने की उम्मीद कर रही है. वहीं, भाजपा नेता दिलीप घोष ने इस धरने को ड्रामा बताया है. दूसरी ओर, राज्य में केंद्रीय बलों की तैनाती शुरू हो गई है. चुनाव आयोग ने सात जिलों में सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी है. वहीं, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 10 कंपनियों के जवान मतदाताओं के बीच भरोसा जताने के लिए संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त करेंगे.
उत्तर प्रदेश : भाजपा और अपना दल के बीच गठबंधन, अनुप्रिया पटेल को मिर्जापुर सीट
उत्तर प्रदेश में अपना दल और भाजपा एक बार फिर साथ मिलकर लोकसभा चुनाव में उतरेंगे. नवभारत टाइम्स की खबर के मुताबिक शुक्रवार को नई दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और अपना दल की अनुप्रिया पटेल के बीच बैठक के बाद इस पर सहमति हुई. इसके तहत साल 2014 के चुनाव की तरह इस बार भी अपना दल को दो सीटें दी गई हैं. इनमें मिर्जापुर की सीट शामिल हैं, जहां से अनुप्रिया पटेल खुद चुनावी मैदान में उतरेंगी. हालांकि दूसरी सीट कौन सी होगी और इस पर किस उम्मीदवार को उतारा जाएगा, इस पर कोई फैसला नहीं हो पाया है. बताया जाता है कि अपना दल पिछले चुनाव की तरह 2019 में भी प्रतापगढ़ सीट चाहता है.
उत्तराखंड : बीसी खंडूरी का चुनाव लड़ने से इनकार, बेटे के कांग्रेस में शामिल होने के आसार
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल से भाजपा सांसद बीसी खंडूरी ने लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार दिया है. अमर उजाला में छपी खबर के मुताबिक मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने उनसे चुनाव में उतरने की पेशकश की थी. बताया जाता है कि इस पर बीसी खंडूरी ने अपनी असमर्थता जाहिर की. हालांकि, उन्होंने कहा है कि जरूरत पड़ने पर वे पार्टी का प्रचार करेंगे. उधर, बीसी खंडूरी के बेटे मनीष खंडूरी के कांग्रेस में शामिल होने के आसार है. माना जा रहा है कि वे 16 मार्च को देहरादून में राहुल गांधी की रैली में शामिल हो सकते हैं.
नीरव मोदी की पत्नी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी
मुंबई स्थित विशेष मनी लॉन्डरिंग निवारण अदालत ने पीएनबी धोखाधड़ी के मामले में नीरव मोदी की पत्नी एमी मोदी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है. द टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर की मानें तो एमी के खिलाफ जारी यह पहला वारंट है. इससे पहले बीते हफ्ते प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक चार्जशीट में उन्हें आरोपित बनाया गया था. ईडी ने नीरव मोदी पर आरोप लगाया है कि उसने 934 करोड़ रुपये अपने निजी बैंक खाते के साथ पिता और पत्नी के खाते में हस्तांतरित किए थे.
लोकसभा चुनाव-2019 : सपा ने कैराना से तबस्सुम को उम्मीदवार बनाया
समाजवादी पार्टी (सपा) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कैराना सीट पर मौजूदा सांसद तबस्सुम हसन की उम्मीदवारी तय की है. इससे पहले साल 2018 के उपचुनाव में तबस्सुम हसन राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) की ओर से मैदान में उतरी थीं. उन्हें सपा के साथ बसपा का भी समर्थन हासिल था. द हिंदू के मुताबिक शुक्रवार को पार्टी ने उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की. इसमें तबस्सुम के अलावा तीन अन्य उम्मीवारों के नाम शामिल हैं. पार्टी ने गोंडा से विनोद कुमार, बाराबांकी से राम सागर रावत और संभल से शफीकुर रहमान बर्क को प्रत्याशी बनाया है. वहीं, सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने अपनी बहू अपर्णा यादव को संभल से उम्मीदवार न बनाए जाने की बात कही थी.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.