विज्ञापन नहीं देने के सरकार के फैसले के विरोध में कश्मीर में अखबारों ने पहला पन्ना खाली छापा | रविवार, 10 मार्च 2019
जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा दो अखबारों को ‘बिना कारण बताए’ विज्ञापन नहीं देने के खिलाफ कश्मीर घाटी में छपने वाले ज्यादातर अखबारों ने रविवार को अपना पहला पन्ना खाली रखा. कश्मीर एडिटर्स गिल्ड (केईजी) ने पिछले महीने दावा किया था कि राज्य सरकार ने घाटी के दो प्रमुख स्थानीय अखबार ग्रेटर कश्मीर और कश्मीर रीडर को विज्ञापन देना बंद कर दिया है. इसके बाद विरोध के तौर पर यहां के अंग्रेजी और उर्दू के अखबारों ने रविवार को अपना पहला पन्ना खाली रखा. (विस्तार से)
सर्फ एक्सेल के नए विज्ञापन पर विवाद | सोमवार, 11 मार्च 2019
सर्फ एक्सेल के नए विज्ञापन पर विवाद की स्थिति पैदा हो गई है. ये विज्ञापन होली के त्योहार को ध्यान में रखकर बनाया गया है. और इसमें हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश दिया गया है. ख़बरों की मानें तो इसी वज़ह से यह कट्टरपंथियों के निशाने पर आ गया है. विज्ञापन की टैगलाइन पुरानी है, ‘दाग अच्छे हैं’ अलबत्ता विचार नया है. एक मिनट के इस विज्ञापन (नीचे उसका वीडियो) में एक बच्ची अपने दोस्तों को चुनौती देती है, उस पर रंग डालने की. (विस्तार से)
सौ करोड़ रुपए की कर चोरी के आरोप में मायावती के पूर्व सचिव के ठिकानों पर आयकर विभाग का छापा | मंगलवार, 12 मार्च 2019
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती के पूर्व सचिव नेतराम के ठिकानाें पर मंगलवार को आयकर विभाग की टीमों ने छापे मारे. नेतराम पर लगभग 100 करोड़ रुपए की कर चोरी का संदेह है. नेतराम के लखनऊ और दिल्ली स्थित 12 ठिकानों पर छापामारी की गई है. आयकर विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘छापे की कार्रवाई सुबह शुरू हुई है. यह देर शाम तक चलने की संभावना है.’ नेतराम पूर्व आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) हैं. मायावती जब 2007 से 2012 बीच उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री थीं तब नेतराम उनके बेहद नज़दीकी हुआ करते थे. (विस्तार से)
पूर्वोत्तर में भाजपा और उसके सहयोगियों के बीच सहमति बनी | बुधवार, 13 मार्च 2019
भारतीय जनता पार्टी अपने गठबंधन के सहयोगी दलों को एक-एक कर मनाने में सफल हो रही. बिहार, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के बाद पूर्वोत्तर में भी उसे इस काम में सफलता मिली है. ख़बरों के मुताबिक पूर्वोत्तर के राज्यों की मौज़ूदा सभी सहयोगी पार्टियां अब भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के लिए राज़ी हो गई हैं. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने बीते दिनों दीमापुर और गुवाहाटी में गठबंधन के सहयोगियों के साथ कई बैठकें कीं. इन बैठकों में असम, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश की भाजपा सरकारों के प्रमुख मौज़ूद थे. (विस्तार से)
अजीम प्रेमजी परोपकार के लिए 52,750 करोड़ रुपये देंगे | गुरुवार, 14 मार्च 2019
विप्रो के चेयरमैन अजीम प्रेमजी ने कंपनी में अपनी शेयरहोल्डिंग का अतिरिक्त 34 प्रतिशत हिस्सा परोपकार के लिए देने का फैसला किया है. इन 34 प्रतिशत शेयरों की कीमत 7.5 बिलियन डॉलर (52,750 करोड़ रुपये) के आसपास बताई जा रही है. देश की तीसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी के चेयरमैन प्रेमजी फाउंडेशन के जरिये परोपकार के काम करते रहे हैं. बिल व मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन ने अब तक करीब 40 बिलियन डॉलर (लगभग 28 लाख करोड़ रुपये ) परोपकार के लिए दिए हैं. वहीं, फोर्ड फाउंडेशन ने करीब 12 बिलियन डॉलर (83,000 करोड़ रुपये से ज्यादा) दान कर चुके हैं. प्रेमजी फाउंडेशन अब तक 21 बिलियन डॉलर (1.45 लाख करोड़ रुपये) दे चुका है. इस तरह यह संस्था दुनिया के सबसे बड़े परोपकार संस्थानों में शामिल है. (विस्तार से)
सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय टीम के पूर्व तेज गेदबाज़ श्रीसंत पर लगा आजीवन प्रतिबंध हटाया | शुक्रवार, 15 मार्च 2019
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज़ श्रीसंत को सुप्रीम कोर्ट ने राहत दी है. शीर्ष अदालत ने शुक्रवार को उन पर लगा आजीवन प्रतिबंध हटा दिया है. साथ ही बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) से भी कहा है कि वह श्रीसंत को दी गई सजा पर फिर विचार करे. अदालत ने बीसीसीआई की अनुशासन समिति को आदेश दिया कि वह तीन महीने के भीतर श्रीसंत की सजा पर पुनर्विचार करे. हालांकि कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि इसी केस में अदालत में चल रही आपराधिक मामले की सुनवाई पर इस आदेश का कोई असर नहीं पड़ेगा. (विस्तार से)
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के दो बड़े नेताओं ने भाजपा छोड़ी | शनिवार, 16 मार्च 2019
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से शनिवार के दिन भारतीय जनता पार्टी को दो बड़े झटके लगे. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से सांसद श्यामा चरण गुप्ता और उत्तराखंड के पूर्व भाजपाई मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी के पुत्र मनीष ने पार्टी छोड़ दी है. गुप्ता जहां समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं तो वहीं मनीष खंडूरी कांग्रेस के पाले में गए हैं. (विस्तार से)
देश और दुनिया की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.