भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह आज लोकसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन भरेंगे. उससे पहले उन्होंने गुजरात के गांधीनगर में आयोजित रैली में शिरकत की. इस रैली में अमित शाह के साथ भाजपा और एनडीए के शीर्ष नेता दिखाई दिए. इनमें शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे, अकाली दल के अध्यक्ष प्रकाश सिंह बादल और एलजेपी के राम विलास पासवान शामिल हैं.
हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक भाजपा अपने अध्यक्ष के नामांकन को एक इवेंट में तब्दील कर विपक्ष को एनडीए की ताकत दिखाना चाहती है. बताया जा रहा है कि वित्त मंत्री अरुण जेटली भी अमित शाह के नामांकन भरते समय उनके साथ रहेंगे. उससे पहले रैली में शाह के साथ मौजूद गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘अमित शाह, लाल कृष्ण आडवाणी की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं.’ बता दें कि अमित शाह से पहले गांधीनगर से लाल कृष्ण आडवाणी भाजपा के प्रत्याशी हुआ करते थे. उन्होंने 1998 से 2014 के बीच लगातार इस सीट से चुनावी जीत हासिल की थी. लेकिन इस बार पार्टी ने उन्हें चुनाव मैदान में नहीं उतारा.
वहीं, उद्धव ठाकरे ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ‘आज हमारे पास एक विचार और एक नेता है. यहां लोग मोदी-मोदी का नारा लगाते हैं. (लेकिन) विपक्ष में प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार कौन है? क्या वे ऐसी रैली कर अपने समर्थकों से किसी एक नेता के नाम का नारा लगाने को कह सकते हैं?’
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.