लोकसभा चुनावों को लेकर उत्तर प्रदेश में आयोजित भाजपा की रैली में दादरी हत्याकांड का एक मुख्य आरोपित सबसे आगे की पंक्ति में बैठा दिखाई दिया. उस समय राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रैली को संबोधित कर रहे थे. द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक यह रैली रविवार को दादरी के नजदीक बिसाहड़ा गांव में आयोजित की गई थी. यह वही गांव है जहां 28 सितंबर, 2015 के दिन मोहम्मद अखलाक नाम के व्यक्ति की बीफ रखने के आरोप में हत्या कर दी गई थी.
रिपोर्ट के मुताबिक आरोपित विशाल सिंह, अखलाक की हत्या के मुख्य आरोपितों में से एक है. पुलिस द्वारा दायर की गई चार्जशीट में कहा गया है कि हत्या वाले दिन विशाल ने ही एक मंदिर के लाउडस्पीकर से घोषणा की थी कि अखलाक ने बीफ खाया और अपने घर में रखा. अखबार ने इस बारे में उससे बात की. उसका कहना है कि उसे झूठ आरोपों के तहत केस में फंसाया गया है. इस हत्याकांड को लेकर किए गए सवालों पर उसने ‘मुस्कुराते हुए’ कहा कि वह जमानत पर है और ‘अब कुछ नहीं होगा’.
उधर, रैली में केंद्रीय मंत्री और गौतम बुद्ध नगर से भाजपा के उम्मीदवार महेश शर्मा के लिए प्रचार करने आए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सब जानते हैं बिसाहड़ा में क्या हुआ था. उन्होंने कहा, ‘(पूर्व) समाजवादी पार्टी की सरकार ने कितनी बेशर्मी से गांव वालों की भावनाओं को दबाने का काम किया था. मैं गर्व से कह सकता हूं कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद तुरंत सभी अवैध बूचड़खानों को बंद करने आदेश दे दिए गए.’ योगी ने आगे कहा, ‘भाजपा के शासन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोग शांतिपूर्वक जीवन जी रहे हैं, क्योंकि मोदी की वजह से असंभव, संभव हो गया है.’
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.