‘मैं देश को एकता का संदेश देने के लिए दक्षिण भारत से चुनाव लड़ने आया हूं.’
— राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष
राहुल गांधी ने यह बात केरल की वायनाड संसदीय सीट से अपना नामांकन दाखिल करने के बाद कही. इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा, ‘मैं संदेश देना चाहता हूं कि उत्तर हो या दक्षिण, पूरब हो या फिर पश्चिम पूरा देश एक है. क्योंकि नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) जिस तरह काम कर रहे हैं उसे दक्षिण भारत के लोग आज अपनी संस्कृति पर हमले के तौर पर देख रहे हैं. इस मौके पर राहुल गांधी का यह भी कहना था, ‘हो सकता है कि मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी (माकपा) के भाई-बहन मुझ पर शब्दों से हमला करें. लेकिन मैं उनके खिलाफ एक भी शब्द नहीं बोलूंगा.’

‘नरेंद्र मोदी को समझना चाहिए कि हम किसी से पंगा नहीं लेते, लेकिन कोई ऐसा करता है तो उसे उसकी जगह दिखा देते हैं.’
— शरद पवार, नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष
शरद पवार ने यह बात महाराष्ट्र के उस्मानाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक बयान पर पलटवार करते हुए कही. इसके साथ ही सवालिया लहजे में उन्होंने यह भी कहा, ‘मोदी कहते हैं कि बीते 70 सालों के दौरान पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में कोई विकास नहीं हुआ है. मैं यह जानना चाहता हूं कि इन 70 सालों में क्या उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकारों के कार्यकाल को भी जोड़ा है.’ इस मौके पर शरद पवार ने मोदी सरकार पर ‘सेना के राजनीतिकरण’ करने का आरोप भी लगाया.
‘मैंने अपने राजनीतिक विरोधियों को कभी देशद्रोही नहीं माना.’
— लालकृष्ण आडवाणी, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता
लालकृष्ण आडवाणी ने यह बात ‘नेशन फर्स्ट. पार्टी नेक्सट, सेल्फ लास्ट.’ शीर्षक से लिखे एक ब्लॉग के जरिये कही है. इस ब्लॉग से उन्होंने यह भी कहा, ‘विविधता और बोलने की आजादी भारतीय लोकतंत्र की खूबसूरती है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी विचारधारा से असहमति रखने वाले लोगों को भी कभी अपना दुश्मन नहीं माना.’ लालकृष्ण आडवाणी का यह भी कहना था, ‘राजनीतिक और निजी तौर पर सभी लोगों को अपनी बात कहने और अपना विचार चुनने की आजादी होनी चाहिए.’
‘आडवाणी जी ने अपने ब्लॉग के जरिये भारतीय जनता पार्टी का असली सार बताया है.’
— नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी ने यह बात एक ट्वीट के जरिये लालकृष्ण आडवाणी के ब्लॉग पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कही है. इसी ट्वीट से प्रधानमंत्री ने यह भी कहा, ‘सबसे विशेष बात यह कि नेशन फर्स्ट, पार्टी नेक्स्ट, सेल्फ लास्ट के जरिये आडवाणी जी ने हमें मार्गदर्शक मंत्र दिया है.’ भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए इसे गर्व की बात बताते हुए नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, ‘भाजपा का कार्यकर्ता होने के नाते मुझे इस बात पर गर्व है कि लालकृष्ण आडवाणी जैसे महान लोगों ने इसे (भाजपा) मजबूत किया है.’
‘केंद्र की सत्ता में आए तो चुनाव आयुक्त तो दो दिन के लिए जेल भेजेंगे.’
— प्रकाश आंबेडकर, भारिप बहुजन महासंघ के अध्यक्ष
प्रकाश आंबेडकर ने यह बात महाराष्ट्र के यवतमाल में एक रैली को संबोधित करते हुए कही. इस मौके पर उन्होंने चुनाव आयोग पर ‘पक्षपातपूर्ण रवैया’ अपनाने के अरोप भी लगाए. उन्होंने कहा, ‘चुनाव आयोग ने चुनावी प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों पर पुलवामा आतंकी हमले व सेना से जुड़ी बातें कहने पर रोक लगाई है. लेकिन मैं यह जानना चाहता हूं कि हमें पुलवामा पर बात करने की इजाजत क्यों नहीं है? क्योंकि संविधान हमें इसकी अनुमति देता है.’
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.