आयकर विभाग ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी और उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वरा पर कर अधिकारियों के कामकाज़ में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया है. इस आधार पर विभाग उनके ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी भी कर रहा है.

सूत्रों के हवाले से आई ख़बर के मुताबिक आयकर विभाग ने बीती पांच अप्रैल को इस बाबत चुनाव आयोग को पत्र लिखा है. गोवा-कर्नाटक क्षेत्र के प्रमुख मुख्य आयकर आयुक्त बीआर बालाकृष्णन ने इस पत्र में चुनाव आयोग को बताया, ‘बीती 28 मार्च को मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के नेतृत्व में आयकर विभाग के दफ़्तर के सामने प्रदर्शन किया गया. इस प्रदर्शन में उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वरा, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया तथा राज्य के मंत्री- डीके शिवकुमार, एसआर महेश, रामलिंगा रेड्‌डी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुंडूराव भी अपने समर्थकाें के साथ थे.’

बालाकृष्णन ने पत्र में बताया, ‘इस प्रदर्शन के बाद आयकर विभाग के महानिदेशक पर बेबुनियाद आरोप लगाए गए. उनके ख़िलाफ राज्य के वरिष्ठ मंत्री एचडी रेवन्ना और सीएस पुट्‌टराजू ने बयान जारी किए. इस तरह विभाग और उसके अधिकारियों की साख़ ख़राब करने की कोशिश की गई. महज़ इसलिए कि राज्य के कुछ भ्रष्ट इंजीनियरों और ठेकेदारों के ख़िलाफ़ आयकर विभाग की कार्रवाई को बााधित किया जा सके. लिहाज़ा इन सभी के ख़िलाफ़ आपराधिक मामले दर्ज़ किए जाने चाहिए. साथ ही सख़्त से सख़्त कार्रवाई किए जाने की ज़रूरत है.’

उल्लेखनीय है कि 28 मार्च को ही आयकर विभाग ने राज्य के वरिष्ठ मंत्री- एचडी रेवन्ना और सीएस पुट्‌टराजू के समर्थकों के 15-20 ठिकानों पर छापे मारे थे. इसमें 8.14 करोड़ रुपए की नगदी और 1.69 करोड़ रुपए के अवैध जेवरात बरामद हुए थे. हालांकि इस छापामारी से कुछ पहले ही मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने आरोप लगाते हुए इस बारे में सूचना सार्वजनिक कर दी थी. इससे विवाद भी पैदा हुआ था.