छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में नक्सलियों ने मतदान दलों को नुकसान पहुंचाने के लिए बारूदी सुरंग में विस्फोट किया है. हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. पीटीआई-भाषा के मुताबिक नारायणपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सली आज तड़के फरसगांव पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत नारायणपुर दंडवन मार्ग पर बारूदी सुरंग लगाकर मतदान दलों का इंतजार कर रहे थे. लेकिन जब सुरक्षा बलों ने रास्ता बदल दिया और मतदान दलों को जंगल के रास्ते से ले गए तो नक्सली बम में विस्फोट कर भाग निकले.
नक्सलियों ने धमाका ऐसे समय किया जब छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर लोकसभा क्षेत्र के लिए मतदान प्रारंभ हो गया है. इस क्षेत्र के मतदाता आज सात उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला कर रहे हैं. इस संसदीय सीट के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र कोंटा, दन्तेवाड़ा, बीजापुर और नारायणपुर में सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा. वहीं, विधानसभा क्षेत्र बस्तर, चित्रकोट, कोण्डागांव और जगदलपुर में सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा. क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा बलों के लगभग 80 हजार जवानों को तैनात किया गया है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.