प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि देश का कानून सबके लिए समान होता है और अगर वे भी गलती करते हैं तो उनके घर पर भी आयकर का छापा पड़ना चाहिए. नरेंद्र मोदी ने आयकर विभाग द्वारा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबियों पर हाल ही में की गई छापेमारी को लेकर उठ रहे सवालों पर यह बात कही है.

पीटीआई के मुताबिक मध्य प्रदेश के सीधी में एक चुनावी रैली को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘देश का कानून सबके लिए समान होता है. अगर मोदी गलती करता है तो मोदी के घर पर भी इनकम टैक्स की रेड पड़नी चाहिए.’ उनका आगे कहना था, ‘रेलवे में जो टिकट लेकर जाता है उसको कोई पकड़ता है क्या? बिना टिकट जाएगा उसी को पकड़ेगा ना, जो चोरी करेगा वही पकड़ा जाएगा. जो चोरी नहीं करेगा, कौन पकड़ेगा उसको.’

इस दौरान प्रधानमंत्री ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर भी जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कर्जमाफी तो दूर कांग्रेस की सरकार दिल्ली से भेजे गए पैसों को भी राज्य के लोगों तक नहीं पहुंचने दे रही है. उनके मुताबिक मध्य प्रदेश के आदिवासी बच्चों के लिए, प्रसूता माताओं के लिए, गरीब माताओं एवं बच्चों के लिए भारत सरकार पोषक आहार के लिए दिल्ली से पैसे भेजती है ताकि उनका शरीर ताकतवर हों. लेकिन ये पोषक आहार मध्य प्रदेश के जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच रहा है.