सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई पर लगे यौन उत्पीड़न के मामले में जांच कर रही समिति ने उन्हें सोमवार को क्लीन चिट दे दी. इस खबर को आज के अधिकतर अखबारों ने पहले पन्ने पर जगह दी है. तीन न्यायाधीशों वाली इस जांच समिति ने कहा है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों में ‘कोई दम नहीं’ था. इससे पहले सुप्रीम कोर्ट की ही एक बर्खास्त महिला कर्मचारी की शिकायत पर शीर्ष अदालत के न्यायाधीश एसए बोबड़े के नेतृत्व में एक आंतरिक जांच समिति का गठन हुआ था. वहीं, सुप्रीम कोर्ट की तरफ से दिए गए बयान में कहा गया है कि जांच समिति की इस रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया जाएगा.

पौधों और जीवों की 10 लाख प्रजातियों के विलुप्त होने का खतरा : संयुक्त राष्ट्र
पूरी दुनिया में पौधों और जानवरों की लाखों प्रजातियों के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है. नवभारत टाइम्स ने संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के हवाले से कहा है कि इनकी 10 लाख प्रजातियां विलुप्त होने के कगार पर हैं. 450 विशेषज्ञों द्वारा तैयार इस रिपोर्ट की मानें तो इनमें से कई कुछ ही दशकों में खत्म हो सकते हैं. जानकारों ने इसकी वजह मनुष्यों द्वारा प्राकृतिक संसाधनों के बेतहाशा दोहन को वजह माना है. साथ ही, प्रकृति को बचाने के लिए बड़े बदलावों पर जोर दिया है.
‘पहले लोगों को होली और दिवाली में बिजली नहीं मिलती थी. लेकिन, मुहर्रम और ईद में मिलती थी.’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने एक बार फिर विवादास्पद बयान दिया है. द हिन्दू की खबर के मुताबिक उन्होंने राज्य की पिछली सरकारों पर धर्म और जाति के आधार पर बिजली कनेक्शन देने का आरोप लगाया है. आदित्यनाथ ने सिद्धार्थनगर की एक जनसभा में कहा, ‘पहले पावर कनेक्शन जातिगत आधार पर दिया जाता था. लोगों को होली और दिवाली में बिजली नहीं मिलती थी. लेकिन, मुहर्रम और ईद में मिलती थी.’ उन्होंने आगे कहा कि अब स्थिति बदल गई है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ-सबका विकास में यकीन करते हैं. इससे पहले साल 2017 के विधानसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी ने भी कहा था, ‘यदि लोगों को रमजान में बिजली मिलती है तो उन्हें दिवाली में भी यह मिलनी चाहिए.’
गैर-कांग्रेस और गैर-भाजपा संघीय मोर्चा बनाने की कोशिशें फिर तेज
देश में लोकसभा चुनाव के बीच गैर-कांग्रेस और गैर-भाजपा संघीय मोर्चा बनाने की कोशिशें फिर तेज हो गई हैं. हिन्दुस्तान में छपी खबर के मुताबिक तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के प्रमुख के चंद्रशेखर राव ने इस बारे में केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन से मुलाकात की. अखबार ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि इस मुलाकात में संघीय मोर्चे के विचार को आगे बढ़ाने और इसमें अन्य दलों को जोड़ने की संभावनाओं पर बातचीत की गई. बताया जाता है कि चंद्रशेखर राव 13 मई को द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन के साथ भी बातचीत करेंगे. वहीं, जेडीएस नेता एचडी कुमारास्वामी ने भी टीआरएस प्रमुख से फोन पर बात की है.
जंगल में आग लगने से रोकने को लेकर सरकार द्वारा लापरवाही की जा रही है : एनजीटी
राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) ने पर्यावरण मंत्रालय से पिछले पांच वर्षों में जंगल में आग लगने का रिकॉर्ड मांगा है. साथ ही, ऐसे स्थानों के नाम भी मांगे हैं, जहां इस तरह की घटनाएं ज्यादा होती हैं. दैनिक जागरण की खबर के मुताबिक एनजीटी ने इस मामले में केंद्र और राज्य सरकारों को भी तलब किया है. प्राधिकरण ने इनसे 10 दिनों के भीतर अग्निकांडों को रोकने और बचाव-नियंत्रण के उपायों पर रिपोर्ट मांगी है. एनजीटी का कहना है, ‘जंगल में आग लगने की लगातार हो रही घटनाओं पर ध्यान देने पर पता चला कि ये साल दर साल बढ़ती जा रही हैं. इससे लगता है कि इन्हें रोकने में सरकार की ओर से लापरवाही बरती जा रही है.’
पत्रकार जीडी रॉबर्ट गोवेंदर को मरणोपरांत वीके कृष्णा मेनन पुरस्कार
भारतीय मूल के दक्षिण अफ्रीकी पत्रकार जीडी रॉबर्ट गोवेंदर को मरणोपरांत ब्रिटेन में साल 2019 के लिए वीके कृष्णा मेनन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. यह सम्मान पत्रकारिता के क्षेत्र में अहम योगदान के लिए दिया जाता है. अमर उजाला में प्रकाशित खबर के मुताबिक वीके कृष्णा मेनन इंस्टीच्यूट के बोर्ड मेंबर टोनी स्लेटर ने कहा कि किसी शख्सियत को पहली बार मरणोपरांत यह पुरस्कार दिया गया है. मेनन एक भारतीय राजनयिक होने के साथ पत्रकार और लेखक भी थे.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.