मध्य प्रदेश की भोपाल संसदीय सीट से भाजपा की प्रत्याशी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने नाथूराम गोडसे को ‘देशभक्त’ बताया है. उन्होंने कहा, ‘नाथूराम गोडसे देशभक्त थे, हैं और देशभक्त रहेंगे.’ उनके इस बयान को आज के अधिकतर अखबारों ने पहले पन्ने पर जगह दी है. हालांकि, इसके बाद उन्होंने अपने इस बयान के लिए माफी मांग ली. उन्होंने कहा, ‘गोडसे पर मेरा बयान निजी था. किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो मैं (इसे) वापस लेती हूं और माफी मांगती हूं.’ वहीं, चुनाव आयोग ने इस मामले पर मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से रिपोर्ट तलब की है. बताया जाता है कि इस रिपोर्ट के आधार पर ही यह तय किया जाएगा कि प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान से आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है या नहीं.

‘मोदी-लाई’ शब्द को लेकर ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी ने राहुल गांधी के दावे को खारिज किया
ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के एक दावे को खारिज कर दिया है. अमर उजाला में प्रकाशित खबर के मुताबिक ऑक्सफोर्ड ने कहा कि उसने ‘मोदी-लाई’ (मोदी झूठ) शब्द अपने शब्दकोष में शामिल नहीं किया है. उसने कहा कि इस शब्द का उसके डिक्शनरी में कोई अस्तित्व नहीं है. इससे पहले बीते बुधवार को राहुल गांधी ने इस बारे में एक ट्वीट किया था. उन्होंने लिखा था कि अंग्रेजी शब्दकोष में ‘मोदी-लाई’ एक नया शब्द आ गया है. इसके साथ ही, कांग्रेस अध्यक्ष ने इससे संबंधित एक तस्वीर भी पोस्ट की थी.
मध्य प्रदेश : कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में हवन पूजन करने वाले कंप्यूटर बाबा पर प्राथमिकी दर्ज
मध्य प्रदेश के भोपाल लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह का समर्थन करने वाले कंप्यूटर बाबा पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. इससे पहले उनके खिलाफ भाजपा ने चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन करने की शिकायत दर्ज कराई थी. नवभारत टाइम्स की खबर के मुताबिक भाजपा का आरोप था कि कंप्यूटर बाबा ने कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में हवन पूजन कर चुनाव प्रचार किया था. इस कार्यक्रम में अन्य साधु-संतों के साथ खुद दिग्विजय सिंह भी मौजूद थे. लोकसभा चुनाव 2019 में भोपाल सीट पर सबसे चर्चित सीटों में से एक है. भाजपा ने इस सीट पर मालेगांव ब्लास्ट मामले में आरोपित प्रज्ञा सिंह ठाकुर को उतारा है.
कांग्रेस ने बलिया लोकसभा सीट पर सपा-बसपा-रालोद गठबंधन के उम्मीदवार को समर्थन करने का फैसला किया
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की बलिया लोकसभा सीट पर सपा-बसपा-रालोद गठबंधन के उम्मीदवार को समर्थन करने का फैसला किया है. द हिंदू के मुताबिक कांग्रेस जिला अध्यक्ष सच्चिदानंद तिवारी ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस उम्मीदवार न होने की वजह से हम लोगों ने सपा उम्मीदवार को समर्थन देने का फैसला किया है. हमारा मकसद भाजपा प्रत्याशी की हार सुनिश्चित करना है.’ बलिया लोकसभा सीट पूर्वी उत्तर प्रदेश के हिस्से में आता है. यहां आखिरी चरण के तहत 19 मई को मतदान होना है. सपा ने इस सीट पर सनातन पाण्डेय को अपना उम्मीदवार बनाया है. वहीं, भाजपा की ओर से वीरेंद्र सिंह चुनावी मैदान में हैं.
दिल्ली : बैंककर्मियों ने 50 लोगों को बिना निकाले एक तीन मंजिला इमारत सील की
दिल्ली के रोहिणी में बैंककर्मियों ने लोगों को बिना निकाले एक तीन मंजिला इमारत सील कर दी. उस वक्त इमारत में 10 बच्चों सहित 50 लोग मौजूद थे. हिन्दुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक करीब आठ घंटे बाद इन्हें पुलिस और दमकलकर्मियों ने बाहर निकाला. बताया जाता है कि इस इमारत के मालिक ने एक निजी बैंक से करीब ढाई करोड़ रुपये कर्ज लिए थे, जो अब बढ़ कर तीन करोड़ रुपये हो गया है. इसके लिए बीती फरवरी में तय किस्त का भुगतान करना था. लेकिन, किस्त न मिलने पर बैंक के एजेंट गुरुवार को मकान सील करने पहुंच गए.
बलात्कार के मामले में हमेशा पीड़िता के बयान को ही पर्याप्त सबूत नहीं माना जा सकता : बॉम्बे हाई कोर्ट
बॉम्बे हाई कोर्ट ने बलात्कार के मामलों को लेकर एक बड़ी टिप्पणी की है. दैनिक जागरण की खबर के मुताबिक हाई कोर्ट ने एक मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि दुष्कर्म के मामले में हमेशा पीड़िता के बयान को ही पर्याप्त सबूत नहीं माना जा सकता है. हाई कोर्ट का कहना है, ‘ऐसे मामलों में पीड़िता का बयान ठोस और भरोसेमंद होना चाहिए. अगर ऐसा नहीं है तो आरोपित को संदेह का लाभ पाने का हक है.’ अदालत ने इस आधार पर 19 साल के एक आरोपित को दोषमुक्त करार दिया. इससे पहले साल 2014 में निचली अदालत ने उसे दोषी करार दिया था.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.