चुनाव आयुक्तों के बीच ‘असहमति’ को लेकर आयोग ने 21 मई को बैठक बुलाई
लोकसभा के इस चुनाव में आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों के निस्तारण में ‘असहमति’ के मुद्दे पर चुनाव आयोग ने आगामी 21 मई को एक बैठक बुलाई है. लोकसभा चुनाव आयुक्तों के बीच यह असहमति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों में दी गई क्लीन चिट को लेकर बनी थी. (विस्तार से)
ईरान के विदेश मंत्री ने अमेरिका के साथ युद्ध की संभावना को खारिज किया
ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद जरीफ ने अमेरिका के साथ युद्ध की संभावना को खारिज करते हुए कहा है कि उनका देश युद्ध नहीं चाहता. मोहम्मद जवाद जरीफ ने अपनी चीन यात्रा की समाप्ति के मौके पर ईरान की सरकारी एजेंसी इरना के साथ बातचीत में यह बात कही है. इस दौरान जरीफ का कहना था, ‘हमें यकीन है...कोई युद्ध नहीं होगा क्योंकि न तो हम युद्ध चाहते हैं और न ही कोई भी इस मुगालते में है कि वह इस क्षेत्र में ईरान से लड़ सकता है.’ (विस्तार से)
भाजपा विरोधी मोर्चे के गठन को लेकर चंद्रबाबू नायडू ने राहुल गांधी से मुलाकात की
लोकसभा चुनाव - 2019 के आखिरी चरण का मतदान होना अभी बाकी है. साथ ही नतीजों की घोषणा भी आगामी 23 मई को होनी है. लेकिन इससे पहले ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को केंद्र की सत्ता तक पहुंचने से रोकने की कवायद शुरू हो गई है. इस कड़ी में भाजपा विरोधी मोर्चे को लेकर आज आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मुलाकात की. दोनों नेताओं की यह मुलाकात दिल्ली में हुई. (विस्तार से)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केदारनाथ धाम पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह 9.30 पर उत्तराखंड के केदारनाथ धाम पहुंचे. यहां उन्होंने पूजा-अर्चना की. वे यहां केदारपुरी के पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा भी करने वाले हैं. प्रधानमंत्री दो दिन तक इस इलाके में रहने वाले हैं. उनका रविवार को बद्रीनाथ धाम जाने का कार्यक्रम है. (विस्तार से)
इंदिरा गांधी की तरह मेरे ही अंगरक्षक मेरी हत्या कर सकते हैं : अरविंद केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने ही अंगरक्षकों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से अपनी जान को खतरा बताया है. उन्होंने कहा है, ‘मैं अकेला ऐसा मुख्यमंत्री हूं जिसकी सुरक्षा उसके अपने हाथ में नहीं है. मेरे आगे-पीछे जितने पुलिस वाले चलते हैं, सब भाजपा की सरकार को रिपोर्ट करते हैं. मेरा पीएसओ (अंगरक्षक) भी भाजपा को रिपोर्ट करता है. भाजपा के लोग इंदिरा गांधी की तरह मेरे ही पीएसओ से मुझे खत्म करा सकते हैं.’ (विस्तार से)
रक्षा मंत्रालय ने नेवी चीफ की नियुक्ति के मामले में वाइस एडमिरल बिमल वर्मा की आपत्ति खारिज की
रक्षा मंत्रालय ने वाइस एडमिरल करमबीर सिंह को नौसेना प्रमुख (नेवी चीफ) नियुक्त किए जाने को लेकर वाइस एडमिरल बिमल वर्मा द्वारा दाखिल आपत्ति खारिज कर दी है. दस अप्रैल को बिमल वर्मा ने इस मामले में यह दलील देते हुए आपत्ति दर्ज करवाई थी कि वे नौसेना के सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं और इसलिए उन्हें ही नेवी चीफ नियुक्त किया जाना चाहिए. (विस्तार से)
ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने नरेंद्र मोदी को मानहानि का नोटिस भेजा
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता अभिषेक बनर्जी ने अपने वकील के जरिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मानहानि का एक नोटिस भिजवाया है. इसके साथ ही उन्होंने नरेंद्र मोदी से यह नोटिस मिलने के 36 घंटे के भीतर बिना शर्त माफी मांगने के लिए कहा है. और ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ आगे की ‘आवश्यक कार्रवाई’ शुरू करने की बात भी कही है. (विस्तार से)
गोडसे ने गांधी के शरीर की हत्या की थी, प्रज्ञा ने उनकी आत्मा को मार दिया : कैलाश सत्यार्थी
महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे को ‘देशभक्त’ बताने संबंधी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान का मसला शांत नहीं हो रहा है. अब प्रज्ञा के बयान पर नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने ट्विटर पर लिखा है, ‘गोडसे ने गांधी के शरीर की हत्या की थी. लेकिन प्रज्ञा जैसे लोग उनकी आत्मा की हत्या के साथ, अहिंसा, शांति, सहिष्णुता और भारत की आत्मा की हत्या कर रहे हैं.’ (विस्तार से)
ब्रिटेन में नया हथियार कानून लागू हुआ, सिख अपने साथ कृपाण लेकर चल सकेंगे
हाल ही में ब्रिटेन में चाकू से हमले के बढ़ते अपराधों से निपटने के लिए लाए गए एक नए विधयेक को वहां की संसद से मंजूरी मिली थी. अब इसे महारानी एलिजाबेथ द्वितीय से भी हरी झंडी मिल गई है. यानी अब यह विधेयक कानून बन गया है. इस विधेयक (ऑफेंसिव वीपंस बिल) में पिछले साल के अंत में संशोधन किया गया था, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि यह कृपाण या धार्मिक तलवार रखने और उसकी आपूर्ति करने के ब्रिटिश सिख समुदाय के अधिकारों को प्रभावित नहीं करेगा. (विस्तार से)
पाकिस्तान के लरकाना जिले में 400 से ज़्यादा बच्चे एचआईवी से संक्रमित : रिपोर्ट
दक्षिण पाकिस्तान के लरकाना जिले में 400 से अधिक बच्चे एचआईवी से संक्रमित पाए गए हैं. सिंध प्रांत में एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के प्रमुख सिकंदर मेमन ने इसकी पुष्टि की है. उन्होंने बताया है, ‘हमारे अधिकारियों ने लरकाना के 13,800 लोगों की जांच की. उसमें 410 बच्चे तथा 100 वयस्क एचआईवी पॉजिटिव पाए गए हैं.’ (विस्तार से)
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.