उत्तर प्रदेश : योगी आदित्यनाथ ने एसबीएसपी प्रमुख ओमप्रकाश राजभर को मंत्रिमंडल से हटाया
आख़िरकार उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल से बाग़ी तेवरों वाले मंत्री ओमप्रकाश राजभर को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. लगातार भाजपा और उसकी योगी आदित्यनाथ सरकार के ख़िलाफ़ बयानबाज़ी करने वाले एसबीएसपी (सुहैलदेव भारतीय समाज पार्टी) के प्रमुख राजभर के बारे में काफ़ी समय से इस तरह की अटकलें थीं. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ओमप्रकाश राजभर को मंत्रिमंडल से बर्ख़ास्त करने का पत्र राज्यपाल राम नाईक को भेजा है. मुख्यमंत्री के इस आग्रह को राज्यपाल ने स्वीकार भी कर लिया है. (विस्तार से)
मध्य प्रदेश की राज्यपाल से भाजपा की मांग- कमलनाथ सरकार को बहुमत साबित करने के लिए कहें
अभी सिर्फ़ लोक सभा चुनाव के एक्ज़िट पोल के अनुमान ही आए हैं. चुनाव नतीज़े आने में वक़्त है. लेकिन मध्य प्रदेश में सियासी हलचल बढ़ गई है. भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल को पत्र लिख भेजा है. इसमें दावा किया है कि प्रदेश की कमलनाथ सरकार के पास बहुमत नहीं है. लिहाज़ा उसे सदन में बहुमत साबित करने का निर्देश दिया जाए. भाजपा ने अपने पत्र में राज्यपाल से अनुरोध किया है कि जल्द से जल्द राज्य विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाए.(विस्तार से)
ऑस्ट्रेलिया में ‘लिबरल नेशनल’ गठबंधन बहुमत की ओर : एबीसी
ऑस्ट्रेलिया के चुनाव आयोग ने अभी तक अपने यहां के चुनाव परिणामों की घोषणा नहीं की है. हालांकि उससे पहले ही सत्तारूढ़ ‘लिबरेशन नेशलन’ गठबंधन के सत्ता में वापस आने के दावे किए जा रहे हैं. पीटीआई की खबर के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय प्रसारक एबीसी के अनुमान के अनुसार ‘लिबरल नेशनल’ गठबंधन लेबर पार्टी को शिकस्त देकर बहुमत हासिल कर लेगा. (विस्तार से)
आईपीएस राजीव कुमार ने सुप्रीम कोर्ट में ग़िरफ़्तारी से पूर्व मिली मोहलत बढ़ाने की अर्ज़ी लगाई
पश्चिम बंगाल के आईपीएस अधिकारी राजीव कुमार ने सुप्रीम कोर्ट में अर्ज़ी लगाई है. इसमें उन्होंने अपनी ग़िरफ़्तारी से पूर्व अदालत द्वारा दी गई मोहलत बढ़ाने की मांग की है. राजीव कुमार के वकील ने शीर्ष अदालत की जस्टिस इंदिरा बनर्जी की अगुवाई वाली अवकाशकालीन बेंच को बताया कि उन्हें उनकी ग़िरफ़्तारी से पहले सात दिन की मोहलत दी गई थी. इस अवधि में उनसे अपेक्षा की गई थी कि वे चाहें तो सक्षम अदालत से कानूनी राहत ले सकते हैं. लेकिन कोलकाता की अदालतों में वकीलों की हड़ताल चल रही है. (विस्तार से)
गूगल ने चीनी कंपनी ह्वावे का एंड्रॉयड लाइसेंस रद्द किया
गूगल ने मोबाइल फोन बाजार की दिग्गज कंपनी ह्वावे को बड़ा झटका दिया है. उसने इस चीनी कंपनी का एंड्रॉयड लाइसेंस रद्द कर दिया है. खबरों के मुताबिक इसके तहत गूगल ह्वावे को हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर और तकनीकी सेवाओं का ट्रांसफर रोक देगा. गूगल के इस कदम के बाद ह्वावे को गूगल की सेवाएं मिलनी बंद हो जाएंगी. इसका मतलब है कि अब ह्वावे के स्मार्टफोन्स पर एंड्रॉयड, गूगल प्ले स्टोर एक्सेस, ऐप अपडेट्स, एड्रॉयड अपडेट्स एवं गूगल के अन्य आधिकारिक सॉफ्टवेयर की सेवाओं का फायदा नहीं उठाया जा सकेगा. (विस्तार से)
एग्जिट पोल पर विवेक ओबेरॉय का विवादित ट्वीट, महिला आयोग ने नोटिस जारी किया
लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल को लेकर किया गया एक ट्वीट फिल्म अभिनेता विवेक ओबेरॉय के लिए परेशानी का सबब बन गया है. फिल्म जगत के साथ कई दूसरी चर्चित हस्तियों ने जहां इसके लिए उनकी आलोचना की है वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने उनकी गिरफ्तारी का मांग भी कर दी है. इस बीच महाराष्ट्र के महिला आयोग ने उनके इस आपत्तिजनक ट्वीट के खिलाफ उन्हें नोटिस जारी करके उनका स्पष्टीकरण मांगा है. (विस्तार से)
चुनावी नतीजे आने तक साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने ‘मौन व्रत’ लिया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता और मध्य प्रदेश की भोपाल संसदीय सीट की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने लोकसभा चुनाव के नतीजे आने तक ‘मौन व्रत’ धारण कर लिया है. उन्होंने इसकी जानकारी एक ट्वीट के जरिये दी है. इसी ट्वीट से उन्होंने यह भी कहा है, ‘चुनावी प्रक्रियाओं के उपरांत अब चिंतन मनन का समय है. इस दौरान मेरे शब्दों से समस्त देशभक्तों को यदि ठेस पहुंची है तो मैं क्षमा प्रार्थी हूं और सार्वजनिक जीवन की मर्यादा के अंतर्गत प्रायश्चित हेतु 21 प्रहर के मौन और कठोर तपस्यारत हो रही हूं.’ (विस्तार से)
एयर इंडिया ने मुंबई से न्यूयॉर्क वाली उड़ान सेवा बंद की
सरकारी विमानन कंपनी एयर इंडिया ने अपनी मुंबई से सीधे न्यूयॉर्क वाली उड़ान सेवा बंद करने का फैसला किया है. खबर के मुताबिक दिसंबर, 2018 से इस रूट पर शुरू की गई उड़ानों से उसे कोई फायदा नहीं हो रहा था. हालांकि मुंबई से अमेरिका के नेवार्क तक की उड़ानें जारी रहेंगे. हिंदुस्तान टाइम्स ने एयर इंडिया के अधिकारियों के हवाले से यह रिपोर्ट दी है. खबर के मुताबिक एयर इंडिया के अधिकारियों ने कहा कि मुंबई से न्यूयॉर्क की उड़ानें हफ्ते में तीन बार संचालित होती हैं. (विस्तार से)
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ ज़मानत के लिए फिर अदालत पहुंचे
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ ने ज़मानत हासिल करने के लिए फिर अदालत का दरवाज़ा खटखटाया है. उन्होंने ज़मानत मंज़ूर किए जाने के लिए अपने बिगड़ते स्वास्थ्य को आधार बनाया है. इस्लामाबाद उच्च न्यायालय में नवाज़ शरीफ ने याचिका दायर की है. पाकिस्तानी अख़बार- एक्सप्रेस टिब्यून की ख़बर की मानें तो उच्च न्यायालय में शरीफ के वकील ख्वाजा हैरिस ने याचिका के साथ स्विट्ज़रलैंड, अमेरिका और ब्रिटेन के विशेषज्ञों और डॉक्टरों की राय को नत्थी किया है. (विस्तार से)
अमित शाह ने 21 मई काे एनडीए नेताओं की बैठक बुलाई, रात्रिभोज भी दे सकते हैं
लोक सभा चुनाव के नतीज़े 23 मई को आने हैं. लेकिन बैठकों और उनमें विचार-विमर्श, रणनीतिमंथन का काम शुरू हो चुका है. विपक्षी दल तो रविवार को आख़िरी चरण के मतदान के समय से ही सक्रिय हैं. अब ख़बर है कि सत्ताधारी पक्ष में भी हलचल शुरू हुई है. ख़बरों के मुताबिक 21 मई को भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) के नेताओं की बैठक बुलाई है. (विस्तार से)
देश और दुनिया की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.