राष्ट्रीय महिला आयोग ने अभिनेता विवेक ओबेरॉय को उनके एक विवादित ट्वीट पर नोटिस जारी किया है. वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने उनकी गिरफ्तारी का मांग भी की है. इस खबर को आज के कई अखबारों ने पहले पन्ने पर जगह दी है. सोमवार को विवेक ने ‘कोई राजनीति नहीं... सिर्फ जिंदगी’ संदेश के साथ अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन की तीन तस्वीरों का एक कोलाज साझा किया था. इसमें इस अभिनेत्री की एक तस्वीर अभिनेता सलमान खान के साथ है, जिस पर ‘ओपीनियन पोल’ लिखा हुआ है. वहीं, दूसरी तस्वीर में विवेक ओबेरॉय खुद ऐश्वर्या के साथ हैं और उस पर एग्जिट पोल लिखा हुआ है. साथ ही, तीसरी तस्वीर में अभिनेत्री के साथ उनके पति अभिषेक बच्चन और उनकी बेटी आराध्या दिख रहे हैं. उस पर ‘रिजल्ट’ लिखा हुआ है. उधर, विवाद बढ़ने के बाद विवेक ओबेरॉय ने माफी मांगी है.

मतदान खत्म होने के साथ नमो टीवी बंद
बीते हफ्ते लोकसभा चुनाव का प्रचार अभियान खत्म होने के बाद नमो टीवी का प्रसारण भी बंद हो चुका है. द टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक इस चैनल की शुरुआत लोकसभा चुनाव की तारीखों के एलान के बाद अलग-अलग डीटीएच प्लेटफॉर्मों पर 31 मार्च, 2019 को हुई थी. चैनल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभाओं और रोडशो का प्रसारण किया जाता था. साथ ही, दर्शकों को नरेंद्र मोदी के भाषण भी लगातार दिखाए जाते थे. इस बात लेकर विपक्षी नेताओं ने नमो टीवी को प्रधानमंत्री का ‘प्रोपेगेंडा मशीन’ करार दिया था. साथ ही, उसने इस पर चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन का भी आरोप लगाया था. वहीं, अखबार को भाजपा के सूत्रों ने बताया है कि यह चैनल पार्टी प्रायोजित एक विज्ञापन प्लेटफॉर्म था. साथ ही, इसकी लागत का ब्यौरा भाजपा के वार्षिक खर्च और ऑडिट रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा.
गंगा में एक बूंद प्रदूषण भी चिंता का विषय: एनजीटी
राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) ने गंगा और उसकी सहायक नदियों को लेकर उत्तराखंड सरकार को एक अहम निर्देश दिया है. नवभारत टाइम्स की खबर के मुताबिक उसने कहा है कि इन नदियों के किनारों पर कोई भी अवैध तरीके से कैंप लगाकर न रहे. एनजीटी ने राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को इनमें गंदा पानी या औद्योगिक कचरा डालने को प्रतिबंधित करने का भी निर्देश दिया है. उसने कहा, ‘गंगा में एक बूंद प्रदूषण भी चिंता का विषय है और नदी के संरक्षण के लिए सभी अधिकारियों का रवैया सख्त होना चाहिए.’ एनजीटी ने राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन को लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल की कार्य योजना के लिए उनकी खिंचाई भी की. उसने कहा कि इसमें पर्याप्त गंभीरता नहीं बरती गई है.
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने चुनाव आयोग की तारीफ की
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने लोकसभा चुनाव 2019 संपन्न कराने को लेकर चुनाव आयोग की तारीफ की है . उनका कहना है कि यह काम शानदार तरीके से हुआ. हिन्दुस्तान में प्रकाशित खबर के मुताबिक प्रणब मुखर्जी ने कहा, ‘पहले चुनाव आयुक्त सुकुमार सेन के समय से लेकर मौजूदा चुनाव आयुक्तों तक इस संस्थान ने बहुत अच्छे से काम किया है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘कार्यपालिका चुनाव आयुक्तों को नियुक्त करती है और वे अपना काम बेहतर तरीके से कर रहे हैं. इसके चलते देश का लोकतंत्र सफल हुआ है. किसी को इस संस्थान की आलोचना नहीं करनी चाहिए.’ लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्षी दलों ने कई बार आयोग की निष्पक्षता को कठघरे में खड़ा किया है.
गुजरात : गोडसे का जन्मदिन मनाने को लेकर हिंदू महासभा के छह कार्यकर्ता गिरफ्तार
गुजरात के सूरत में पुलिस ने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे का जन्मदिन मनाने के आरोप में हिंदू महासभा के छह कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया. दैनिक जागरण की खबर के मुताबिक सूरत के पुलिस आयुक्त सतीश शर्मा ने बताया, ‘गोडसे के जन्मदिवस पर हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने उसके चित्र के चारों ओर दिए जलाए और भजन गाए.’ उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रपिता के हत्यारे गोडसे का सम्मान करने से कई लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं. साथ ही, सतीश शर्मा ने इस आयोजन के जरिए लोगों को भड़का कर शांतिपूर्ण को माहौल खराब करने की कोशिश भी करार दिया. गोडसे का जन्म 19 मई, 1910 को महाराष्ट्र के पुणे में हुआ था.
मोइनुल हक भारत में पाकिस्तान के नए उच्चायुक्त नियुक्त
पाकिस्तान ने राजनयिक मोइनुल हक को भारत में अपना नया उच्चायुक्त नियुक्त किया है. अमर उजाला में छपी खबर के मुताबिक विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने बताया कि प्रधानमंत्री इमरान खान के साथ बैठक के बाद इस नियुक्ति पर मुहर लगाई गई. उन्होंने कहा, ‘भारत काफी महत्वपूर्ण है. उम्मीद है कि वे (हक) हमारी उम्मीदों को पूरा करेंगे.’ फिलहाल मोइनुल हक फ्रांस में राजदूत हैं. इससे पहले वे विदेश मंत्रालय में बतौर प्रोटोकॉल चीफ काम कर चुके हैं. इससे पहले सोहेल महमूद को विदेश सचिव बनाए जाने के बाद से भारत में उच्चायुक्त का पद खाली था.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.