प्रधानमंत्री नरेंंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा नीत राजग की जीत को ‘हिंदुस्तान, लोकतंत्र और जनता की विजय’ बताया. उन्होंने कहा कि भाजपा देश के संविधान एवं संघवाद के प्रति समर्पित है और केंद्र एवं राज्य देश की विकास यात्रा में कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे.
भाजपा मुख्यालय में आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘अब देश में सिर्फ दो जाति ही रहने वाली हैं और देश इन दो जातियों पर ही केंद्रित होने वाला है. 21वीं सदी में भारत में एक जाति है - गरीब और दूसरी जाति है - देश को गरीबी से मुक्त कराने के लिए कुछ न कुछ योगदान देने वालों की.’ उन्होंने कहा, ‘कभी हम दो हो गए और आज दोबारा आ गए. अब दोबारा आए हैं तब भी न नम्रता छोड़ेगे, न विवेक को छोड़ेंगे, न हमारे आदर्शों को छोड़ेंगे, न हमारे संस्कारों को छोड़ेंगे.’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार भले ही बहुमत से चलती हो, लेकिन देश सर्वमत से चलता है और हम इस विचार के साथ सभी को साथ लेकर चलेंगे. मोदी ने कहा, ‘चुनावों के बीच क्या हुआ, वो बात बीत चुकी है. हमें सबको साथ लेकर चलना है. घोर विरोधियों को भी देशहित में साथ लेकर चलना है.’ मोदी ने कहा कि काम करते करते कोई गलती हो सकती है लेकिन बदइरादे से कोई काम नहीं करूंगा.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.