गुजरात के सूरत में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया. सूरत के व्यवसायिक संस्थान में आग लगने से एक कोचिंग सेंटर के 15 छात्रों की मौत हो गयी है.
पीटीआई के मुताबिक एक दमकल अधिकारी ने मीडिया को बताया कि तक्षशिला व्यवसायिक परिसर की तीसरी और चौथी मंजिल पर आग लग गई थी, छात्रों ने आग से बचने के लिए तीसरी और चौथी मंजिल से कूदना शुरू कर दिया. कई बच्चों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया है. आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है.’ एक टीवी चैनल पर दिखाई जा रही वीडियो फुटेज में भी छात्र इमारत की तीसरी और चौथी मंजिल से कूदते नजर आ रहे हैं.
सूरत दमकल विभाग के इस अधिकारी के मुताबिक 19 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई हैं और आग पर काबू पाने के लिए दो हाइड्रोलिक प्लेटफार्म भी बनाए गए हैं. स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में अधिकारियों की मदद कर रहे हैं.
सूरत पुलिस कमिश्नर सतीश कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसे में मरने वालों की संख्या करीब 15 हो चुकी है. हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने शोक व्यक्त किया है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.