राजनीतिक दलों ने फेसबुक-गूगल पर विज्ञापन मद में 53 करोड़ रुपये खर्च किए | रविवार, 19 मई 2019
भारत में राजनीतिक दलों ने इस साल फरवरी से अब तक फेसबुक और गूगल आदि डिजिटल मंचों पर प्रचार के मद में 53 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए हैं. प्रचार के मद में खर्च करने वालों में भारतीय जनता पार्टी की हिस्सेदारी सर्वाधिक रही. इस साल फरवरी की शुरुआत से 15 मई तक उसके मंच पर 1.21 लाख राजनीतिक विज्ञापन चले. इन विज्ञापनों पर राजनीतिक दलों ने 26.5 करोड़ रुपये खर्च किए. गूगल, यूट्यूब और उसकी सहायक कंपनियों पर 19 फरवरी से अब तक 14,837 विज्ञापनों पर राजनीतिक पार्टियों ने 27.36 करोड़ रुपये खर्च किए. (विस्तार से)
उत्तर प्रदेश : योगी आदित्यनाथ ने एसबीएसपी प्रमुख ओमप्रकाश राजभर को मंत्रिमंडल से हटाया | सोमवार, 20 मई 2019
आख़िरकार उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल से बाग़ी तेवरों वाले मंत्री ओमप्रकाश राजभर को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. लगातार भाजपा और उसकी योगी आदित्यनाथ सरकार के ख़िलाफ़ बयानबाज़ी करने वाले एसबीएसपी (सुहैलदेव भारतीय समाज पार्टी) के प्रमुख राजभर के बारे में काफ़ी समय से इस तरह की अटकलें थीं. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ओमप्रकाश राजभर को मंत्रिमंडल से बर्ख़ास्त करने का पत्र राज्यपाल राम नाईक को भेजा. मुख्यमंत्री के इस आग्रह को राज्यपाल ने स्वीकार भी कर लिया. (विस्तार से)
अरुणाचल प्रदेश : आतंकवादियों ने एक विधायक और उनके परिवार के छह लोगों की हत्या की | मंगलवार, 21 मई 2019
नागालैंड के विद्रोही समूह नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड (एनएससीएन) के आतंकियों ने एक हमले में नेशनल पीपल्स पार्टी (एनपीपी) के विधायक तिरोंग अबो की हत्या कर दी. इस हमले में दस अन्य लोग भी मारे गए. इन आतंकवादियों ने अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में घात लगाकर इस हमले को अंजाम दिया था. हमले के बाद उन्होंने एनपीपी विधायक की कार में आग भी लगा दी. खबरों के मुताबिक हमले में तिरोंग अबो के परिवार के छह अन्य सदस्यों की भी मौत हुई. (विस्तार से)
इसरो की एक और उपलब्धि, ‘रिसैट-2बी’ का लॉन्च सफल | बुधवार, 22 मई 2019
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने पृथ्वी निगरानी उपग्रह रडार इमेजिंग सैटेलाइट-2बी (या रिसैट-2बी) को आज तड़के सफलतापूर्वक प्रक्षेपित करके इतिहास रच दिया. यह उपग्रह देश की निगरानी क्षमताओं को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा. साथ ही यह कृषि, वानिकी और आपदा प्रबंधन समर्थन जैसे क्षेत्रों में मददगार साबित होगा. (विस्तार से)
सबको साथ लेकर चलूंगा, बदनीयत से काम नहीं करूंगा : नरेंद्र मोदी | गुरुवार, 23 मई 2019
प्रधानमंत्री नरेंंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा नीत राजग की जीत को ‘हिंदुस्तान, लोकतंत्र और जनता की विजय’ बताया. उन्होंने कहा कि भाजपा देश के संविधान एवं संघवाद के प्रति समर्पित है और केंद्र एवं राज्य देश की विकास यात्रा में कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे. भाजपा मुख्यालय में आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘अब देश में सिर्फ दो जाति ही रहने वाली हैं और देश इन दो जातियों पर ही केंद्रित होने वाला है. 21वीं सदी में भारत में एक जाति है - गरीब और दूसरी जाति है - देश को गरीबी से मुक्त कराने के लिए कुछ न कुछ योगदान देने वालों की. (विस्तार से)
गुजरात : सूरत में कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 छात्रों की मौत | शुक्रवार, 24 मई 2019
गुजरात के सूरत में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया. सूरत के व्यवसायिक संस्थान में आग लगने से एक कोचिंग सेंटर के 15 छात्रों समेत 20 लोगों की मौत हो गयी. पीटीआई के मुताबिक एक दमकल अधिकारी ने मीडिया को बताया कि तक्षशिला व्यवसायिक परिसर की तीसरी और चौथी मंजिल पर आग लग गई थी, छात्रों ने आग से बचने के लिए तीसरी और चौथी मंजिल से कूदना शुरू कर दिया. कई बच्चों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया.’ (विस्तार से)
आतंकी ज़ाकिर मूसा के मारे जाने के बाद जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में दूसरे दिन भी कर्फ्यू | शनिवार, 25 मई 2019
जम्मू-कश्मीर में आतंकी ज़ाकिर मूसा के मारे जाने के दो दिन बाद भी कई इलाकों में कर्फ्यू जारी है. राज्य प्रशासन ने किसी संभावित हिंसा की आशंका में यह कदम उठाया है. हालांकि मूसा के मारे जाने के बाद अब तक किसी इलाके से हिंसा भड़कने की ख़बर नहीं आई है. राज्य के श्रीनगर, कुलगाम और पुलवामा के कुछ हिस्सों में अभी कर्फ्यू जारी है. स्कूल और कॉलेज बंद हैं. घाटी में मोबाइल और इंटरनेट सेवा निलंबित है. बारामूला-बनिहाल लाइन पर रेल सेवा भी बाधित है. (विस्तार से)
देश और दुनिया की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.