केरल पुलिस ने राज्य के कोट्टायम जिले से एक व्यक्ति को 50 से ज्यादा महिलाओं का यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. हिरासत में लिए गए इस व्यक्ति का नाम प्रदीश कुमार है. पुलिस के मुताबिक 25 वर्षीय प्रदीश सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं के साथ करीबी बढ़ाता था और फिर बाद में ब्लैकमेल करके उनका यौन शोषण करता था. ऐसी ही एक पीड़ित महिला की शिकायत के बाद उसे गिरफ्तार किया गया है.
प्रदीश महिलाओं को अपना शिकार बनाने के लिए बड़ी ही चालाकी से सोशल मीडिया का इस्तेमाल करता था. केरल पुलिस ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया है कि आरोपित पहले अपने फेसबुक अकाउंट के जरिए महिलाओं, खासकर गृहिणियों से संपर्क साधता था. इसे बाद वह उनके परिवार में चल रही दिक्कतों की जानकारी लेता था. इसके बाद वह किसी महिला के नाम से एक फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर उन महिलाओं के पतियों के संपर्क में आता था, जिन्हें वह अपना शिकार बनाना चाहता है.
केरल पुलिस के मुताबिक इसके बाद आरोपित अपने फर्जी अकाउंट के जरिए हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट्स इन महिलाओं को भेजता था. और इस तरह उनके मन में यह बात बैठा देता था कि उनके पति के दूसरी महिलाओं साथ अवैध संबंध हैं.
इसके बाद जब प्रदीश को भरोसा हो जाता था कि कोई महिला अपने पति से दूरी बना रही है तो वह उसे वीडियो चैट के लिए तैयार करता था. पुलिस के मुताबिक फिर आरोपित इन महिलाओं की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उन्हें ब्लैकमेल करके उनका यौन शोषण किया करता था. अगर कोई महिला आसानी से उसकी बात नहीं मानती थी तो वह इन तस्वीरों को उसके पति को भेजने की धमकी देता था. प्रदीश की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके लैपटॉप से कई महिलाओं की ऐसी ही तस्वीरें बरामद की हैं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.