चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर के बारे में ख़बर आई है कि वे पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए काम कर सकते हैं. समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार के प्रशांत किशोर ने बीते गुरुवार को ही कोलकाता में ममता बनर्जी से मुलाकात की है. इसके बाद इस तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं.
सूत्रों के मुताबिक यह मुलाकात ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक ने कराई है. इन तीनों के बीच लगभग दो घंटे तक बातचीत हुई है. बताया जाता है कि बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने ममता बनर्जी के लिए काम करने पर सहमति दी है, बशर्ते वे ख़ुद उनकी सेवा लेना चाहें. ममता बनर्जी के साथ प्रशांत किशोर की मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को उसी की ज़मीन पर भारतीय जनता पार्टी से तगड़ी चुनौती मिल रही है.
इस लोकसभा चुनाव में भाजपा ने अपने इतिहास का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पश्चिम बंगाल की 42 में 18 सीटें जीती हैं. इसके बाद टीएमसी के कई नेता भाजपा में शामिल हुए हैं. दावा किया जा रहा है कि अभी कई अन्य होने वाले हैं. वहीं दूसरी तरफ़ प्रशांत किशोर हाल ही में आंध्र प्रदेश में वाईएसआर (युवजन श्रमिक रायतु) कांग्रेस के प्रमुख जगन मोहन रेड्डी की जीत की भूमिका लिख चुके हैं. इससे पहले 2014 में नरेंद्र मोदी और 2015 में नीतीश कुमार को भी वे ऐसी ही सफलता दिला चुके हैं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.