‘मेरा दरवाजा वायनाड के हर व्यक्ति के लिए खुला है.’
— राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष और वायनाड के सांसद
राहुल गांधी ने यह बात केरल के वायनाड में वहां के मतदाताओं के प्रति आभार जताते हुए अपने संबोधन में कही. इस मौके पर उन्होंने यह भी कहा, ‘वायनाड के लोगों ने मुझे अपना सांसद चुना है. इसलिए मैं संसद में वायनाड की आवाज बनूंगा.’ इसके साथ ही राहुल गांधी का यह भी कहना था, ‘मैं वायनाड की समस्याओं को दूर करके यहां के लोगों का जीवन स्तर सुधारने की दिशा में भी हर आवश्यक प्रयास करूंगा.’

‘नीति आयोग के पास कोई अधिकार नहीं है ऐसे में इसकी बेमतलब बैठकों में जाने का कोई फायदा नहीं.’
— ममता बनर्जी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री
ममता बनर्जी ने यह बात नीति आयोग की बैठक का बहिष्कार करने का फैसला करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक चिट्ठी लिखकर कही. इसी चिट्ठी से उन्होंने यह भी कहा, ‘नीति आयोग किसी राज्य की वित्तीय मदद नहीं कर सकता. साथ ही राज्यों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं में भी वह कोई सहायता नहीं करता. फिर क्यों इसकी बैठकों में भाग लिया जाए.’ इसके साथ ही ममता बनर्जी ने यह भी कहा, ‘नीति आयोग की तुलना में योजना आयोग अधिक कारगर था. इसलिए योजना आयोग को वापस लाया जाना चाहिए.’
‘कांग्रेस के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मुझे सौंपी जाए.’
— असलम शेर खान, कांग्रेस के नेता
असलम शेर खान ने यह बात कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को एक चिट्ठी लिखकर कही. इसी चिट्ठी के जरिये उन्होंने यह भी कहा, ‘अगर राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष पद पर बने रहना चाहते हैं तो वे ऐसा कर सकते हैं. लेकिन यदि कांग्रेस नेहरू-गांधी परिवार से इतर किसी व्यक्ति को अध्यक्ष पद सौंपना चाहती है तो मुझे दो साल के लिए यह मौका दिया जाना चाहिए.’ इसके साथ ही असलम शेर खान ने राहुल गांधी को सलाह देते हुए कांग्रेस को एक बार फिर ‘राष्ट्रवाद’ के साथ जोड़े जाने की जरूरत भी बताई है.
‘स्वास्थ्य को लेकर जब पहले से अच्छी योजना चल रही है तो हम आयुष्मान भारत को लागू क्यों करें.’
— अरविंद केजरीवाल, दिल्ली के मुख्यमंत्री
अरविंद केजरीवाल ने यह बात केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की एक चिट्ठी के जवाब में कही है. इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य योजना को आयुष्मान भारत योजना की तुलना में दस गुना व्यापक भी बताया. अरविंद केजरीवाल ने सवालिया लहजे में आगे कहा, ‘दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश और हरियाणा में आयुष्मान भारत योजना लागू है, तो फिर क्यों इन राज्यों से लोग दिल्ली में इलाज करवाने के लिए आते हैं.’ उनका यह भी कहना था कि दिल्ली से इन राज्यों में इलाज करवाने कोई नहीं जाता.
‘अगर अमित शाह ने अनुच्छेद 370 रद्द करने की बात कही है तो ऐसा जरूर किया जाएगा.’
— अनुराग ठाकुर, केंद्रीय वित्त और कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री
अनुराग ठाकुर ने यह बात हिमाचल प्रदेश में पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए कही. इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पर भी निशाना साधा. साथ ही कहा, ‘राहुल गांधी हर मोर्चे पर असफल साबित हुए हैं.’ इससे पहले लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान गृह मंत्री अमित शाह (तब भाजपा अध्यक्ष) ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने की बात कही थी.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.