‘कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे के पीछे अमित शाह और नरेंद्र मोदी का हाथ है.’
— सिद्धारमैया, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता
सिद्धारमैया ने यह बात कांग्रेस के दो विधायकों आनंद सिंह और रमेश जर्किहोली के कर्नाटक विधानसभा से इस्तीफे दिए जाने पर कही. इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा, ‘भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कांग्रेस के विधायकों को पद-पैसे का लालच देकर एचडी कुमारस्वामी की अगुवाई वाली राज्य सरकार को गिराना चाहती है लेकिन उसकी यह मंशा पूरी नहीं हो पाएगी.’ सिद्धारमैया ने आगे कहा, ‘कर्नाटक सरकार पर कोई खतरा नहीं है और इस्तीफा देने वाले दोनों विधायक भाजपा में शामिल नहीं होंगे.’

‘मुझे इस बात का गहरा अफसोस है कि महिलाओं को लेकर की गई मेरी टिप्पणी से लोग आहत हुए हैं.’
— दलाई लामा, तिब्बत के सर्वोच्च धार्मिक नेता
दलाई लामा ने यह बात एक बयान जारी करके कही है. इसी बयान से उन्होंने यह भी कहा, ‘मेरा उद्देश्य किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था.’ इसके साथ ही उनका यह भी कहना था, ‘मैंने महिलाओं को एक उत्पाद की तरह पेश किए जाने का हमेशा विरोध किया है.’ इससे पहले बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू के दौरान एक जवाब में उन्होंने कहा था, ‘मेरा उत्तराधिकारी एक महिला भी हो सकती है लेकिन उसका आकर्षक होना जरूरी है क्योंकि आकर्षक व्यक्तित्व पर हर किसी की नजर टिकती है.’
‘मैं समझता हूं कि मेरी बात सही ठहराई गई है.’
— विजय माल्या, भारत का भगोड़ा शराब कारोबारी
विजय माल्या ने यह बात ब्रिटेन में लंदन हाईकोर्ट से प्रत्यर्पण मामले में राहत पाने के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान कही. इस मौके पर विजय माल्या ने यह भी कहा, ‘मैं हमेशा से कहता रहा हूं कि मुझ पर लगाए गए आरोप झूठे हैं. इन्हें गढ़ा गया है जिनका कोई आधार भी नहीं है.’ इसके साथ ही माल्या का यह भी कहना था, ‘मैं अब भी चाहता हूं कि बैंक अपना पूरा पैसा वापस ले लें और मुझे शांति से रहने दें.’
‘किसी भी पूजा स्थल पर किया गया हमला हमारे देश की विविधता और बहुलता पर हमला है.’
— असदुद्दीन ओवैसी, एमआईएम के प्रमुख
असदुद्दीन ओवैसी ने यह बात एक ट्वीट के जरिये दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में स्थित एक मंदिर पर कुछ लोगों द्वारा किए गए पथराव को लेकर कही. इसके साथ ही उन्होंने इस घटना को अत्यंत निंदनीय भी बताया. इसी ट्वीट से असदुद्दीन ओवैसी ने यह भी कहा, ‘मैं मांग करता हूं कि इसके आरोपितों के खिलाफ समयबद्ध तरीके से मुकदमा चलाया जाए और उन्हें दोषी ठहराया जाए.’
‘ऋषभ पंत के रूप में भारत को चौथे क्रम का बल्लेबाज मिल गया है.’
— युवराज सिंह, पूर्व क्रिकेटर
युवराज सिंह ने यह बात एक ट्वीट के जरिये क्रिकेट विश्व कप के 40वें मैच में बांग्लादेश के खिलाफ ऋषभ पंत की बल्लेबाजी को देखते हुए कही. इसी ट्वीट से उन्होंने यह भी कहा, ‘ऋषभ पंत का करियर लंबा हो इसके लिए उन्हें निखारने की जरूरत है.’ इस मैच में ऋषभ पंत ने 41 गेंदें खेलकर 48 रन बनाए थे.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.