सीबीआई ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन को शारदा घोटाला मामले में समन भेजा है और ब्रायन अगस्त के दूसरे हफ्ते में इस जांच एजेंसी के सामने पेश होंगे. टीएमसी सांसद ने इस बारे में एक बयान जारी कर कहा है, ‘मैंने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सूचित कर दिया है कि मैं सात अगस्त के बाद इस केंद्रीय एजेंसी के समक्ष पेश होऊंगा.’
इस दौरान डेरेक ओ ब्रायन ने यह भी कहा है, ‘इसी शुक्रवार, इस संबंध में सीबीआई अधिकारियों से मैं व्यक्तिगत तौर पर मिलना चाहता था. लेकिन वहां से फोन पर सूचना दी गई कि मुझे ऐसा करने की कोई जरूरत नहीं है. फिर इसकी पुष्टि को लेकर मैंने सीबीआई को एक चिट्ठी भी लिखी थी.’
बताया जाता है कि सीबीआई डेरेक ओ ब्रायन से टीएमसी के मुखपत्र ‘जागो बांग्ला’ के बैंक खातों के वित्तीय लेन-देन के बारे में पूछताछ कर सकती है. वे इस अखबार के आधिकारिक प्रकाशक हैं. इससे पहले सीबीआई ने रोज वैली चिट फंड के प्रमोटरों के साथ बांग्ला फिल्मों के निर्माता श्रीकांत मोहता के संबंधों की जांच की थी. इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था. कहा जाता है कि श्रीकांत मोहता ने रोज वैली की एक डील में 25 करोड़ रुपये की कटौती की थी. साथ ही उनकी तरफ से उस पैसे का एक हिस्सा कथिततौर पर जागो बांग्ला के खाते में भेजा गया था.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.