दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी और बसपा हरियाणा विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी | रविवार, 11 अगस्त 2019
जननायक जनता पार्टी ( जेजेपी) के नेता दुष्यंत चौटाला ने रविवार को घोषणा की कि उनकी पार्टी जेजेपी और बसपा हरियाणा में आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी. दुष्यंत चौटाला ने एक संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही. उनके साथ बहुजन समाज पार्टी के महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा भी मौजूद थे.

दुष्यंत चौटाला ने कहा, ‘दोनों पार्टियों के शीर्ष नेताओं की कई बैठकों के बाद यह फैसला लिया गया कि जेजेपी और बसपा अगला विधानसभा चुनाव गठबंधन में लड़ेंगी.’ लोकसभा चुनाव से पहले ओमप्रकाश चौटाला के बेटे अजय चौटाला ने इंडियन नेशनल लोक दल (आईएनएलडी) से अलग होकर जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) बनायी थी. इंडियन नेशनल लोक दल (आईएनएलडी) प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला शिक्षक भर्ती घोटाले के संबंध में जेल में बंद हैं.
रिलायंस में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश | सोमवार, 12 अगस्त 2019
रिलायंस इंडस्ट्रीज अपने तेल और रसायन कारोबार में 20 फीसदी हिस्सेदारी सऊदी अरब की प्रमुख तेल कंपनी अरामको को बेचेगी. ये सौदा करीब 15 अरब डॉलर का होगा. सऊदी अरामको दुनिया की सबसे बड़ी कच्चा तेल निर्यातक कंपनी है. रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने सोमवार को ये जानकारी दी. उन्होंने कहा कि ये न केवल रिलायंस के इतिहास में सबसे बड़ा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश होगा बल्कि इसकी गिनती देश के सबसे बड़े विदेशी निवेश के सौदों में होगी.
रिलायंस ने पेट्रोलियम ईंधन के अपने खुदरा कारोबार की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी ब्रिटेन की कंपनी बीपी को बेचने की भी घोषणा की है. इस सौदे से कंपनी को 7,000 करोड़ रुपये मिलेंगे. इन दोनों सौदों से मिलने वाले पैसे से रिलायंस इंडस्ट्रीज को अपने ऊपर कर्ज का बोझ कम करने में मदद मिलेगी. कंपनी पर अभी करीब पौने तीन लाख करोड़ रुपये का कर्ज है.
सिक्किम में एसडीएफ के 10 विधायक भाजपा में शामिल हुए, पार्टी मुख्य विपक्षी दल बनी | मंगलवार, 13 अगस्त 2019
सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग की अगुवाई वाले सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट यानी एसडीएफ के दस विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए. इन विधायकों ने मंगलवार को नई दिल्ली में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली.
एसडीएफ के पवन कुमार चामलिंग के नाम लगातार 25 साल तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड रहा है. लेकिन हाल में वहां लोकसभा चुनाव के साथ हुए विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को 32 में से सिर्फ 15 सीटों पर ही जीत मिल पाई थी. इसकी वजह से उन्हें विपक्ष में बैठना पड़ा था. उधर, सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के खाते विधानसभा की 17 सीटें आई थीं जिसके बाद प्रेम सिंह तमांग वहां के मुख्यमंत्री बने थे. ताजा घटनाक्रम के बाद सिक्किम में भाजपा विधायकों की संख्या शून्य से 10 हो गई है. पार्टी का कहना है कि अब वो सिक्किम में सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी.
अनुच्छेद 370 पर हुए फैसले का विरोध आतंकवादियों से सहानुभूति रखने वाले कर रहे हैं : नरेंद्र मोदी | बुधवार, 14 अगस्त 2019
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर को लेकर केंद्र के फैसले का विरोध करने वालों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि इस फैसले का विरोध करने वाले कुछ लोगों का दिल सिर्फ माओवादियों और आतंकवादियों के लिए धड़कता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ये भी कहना था कि जनता ने इसका समर्थन किया है. उन्होंने दावा किया कि अनुच्छेद 370 समेत जम्मू-कश्मीर पर लिया गया फैसला राजनीति नहीं बल्कि राष्ट्रहित का विषय है. प्रधानमंत्री ने ये सारी बातें अपने दूसरे कार्यकाल के 75 दिन पूरे होने के मौके पर कहीं. नरेंद्र मोदी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने इन 75 दिनों में स्पष्ट नीति और सही दिशा से एक अभूतपूर्व रफ्तार हासिल की. उन्होंने कहा कि इस दौरान तीन तलाक सहित तमाम महत्वपूर्ण कानून पारित हुए.
अरविंद केजरीवाल का अहम ऐलान, 29 अक्टूबर से महिलाएं सरकारी बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी | गुरुवार, 15 अगस्त 2019
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि दिल्ली परिवहन निगम यानी डीटीसी और क्लस्टर बसों में महिलाएं 29 अक्टूबर से निशुल्क यात्रा कर सकेंगी. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वे रक्षाबंधन के दिन अपनी बहनों को उपहार देना चाहते हैं. उनका ये भी कहना था कि इस कदम से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी. बताया जा रहा है कि डीटीसी और क्लस्टर बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सौगात के लिए कैबिनेट के मसौदे को विधि विभाग ने हरी झंडी दे दी. इस योजना पर सरकार को सालाना 300 करोड़ रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं.
रवि शास्त्री फिर भारतीय टीम के मुख्य कोच बने | शुक्रवार, 16 अगस्त 2019
रवि शास्त्री एक बार फिर भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच नियुक्त किए गए. कपिल देव के नेतृत्व वाली बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति (सीओए) ने शुक्रवार को यह फैसला किया. रवि शास्त्री को मुख्य कोच के पद के लिए पहले से ही दौड़ में आगे माना जा रहा था और कप्तान विराट कोहली ने भी उनका समर्थन किया था.
कपिल देव की अगवुाई वाली समिति ने मुख्य कोच के लिए मुंबई में आवेदकों के इंटरव्यू लिए. रवि शास्त्री के अलावा कोच पद की दौड़ में रोबिन सिंह, लालचंद राजपूत, न्यूजीलैंड के पूर्व कोच माइक हेसन और आस्ट्रेलिया के टॉम मूडी भी थे. साक्षात्कार के बाद कपिल देव ने नए कोच की घोषणा की. उन्होंने कहा, ‘नंबर तीन टॉम मूडी थे और नंबर दो माइक हेसन. आपने जैसी उम्मीद लगायी थी रवि शास्त्री नंबर एक रहे. लेकिन, यह काफी करीबी मुकाबला था.’ कपिल देव के साथ चयन समिति में अंशुमान गायकवाड़ और शांता रंगास्वामी शामिल थीं, जिन्होंने हर आवेदक को अलग-अलग अंक दिए. जिसके आधार पर अंतिम फैसला लिया गया.
जम्मू के कुछ इलाकों में मोबाइल सेवा बहाल, कश्मीर में केवल 17 जगहों पर लैंडलाइन सेवा शुरू | शनिवार, 17 अगस्त 2019
केंद्र सरकार द्वारा धारा 370 हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में संचार सेवा पर पिछले 12 दिनों से लगी पाबंदियां आंशिक रूप से बहाल की गई. जम्मू के पांच जिलों जम्मू, रियासी, सांबा, काठू और उधमपुर में आज सुबह मोबाइल इंटरनेट सेवा एक बार फिर शुरू कर दी गईं. लेकिन कश्मीर में मोबाइल सेवाएं अभी-भी ठप हैं. हालांकि पीटीआई के मुताबिक घाटी के 17 एक्सचेंज में लैंडलाइन सेवाएं आज बहाल कर दी गईं. समाचार एजेंसी ने अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि ये एक्सचेंज अधिकतर सिविल लाइन्स क्षेत्र, छावनी क्षेत्र और श्रीनगर जिले के हवाई अड्डे के पास हैं.
देश और दुनिया की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.