प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद केडी सिंह के दिल्ली स्थित सरकारी आवास तथा कुछ अन्य स्थानों पर छापेमारी कर 32 लाख रुपये नकद तथा 10 हजार अमेरिकी डॉलर जब्त किये है. ईडी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में की गई है.
ईडी ने बताया कि अलकेमिस्ट समूह की 14 कंपनियों के पंजीकृत कार्यालयों समेत दिल्ली और चंडीगढ़ में सात स्थानों पर गुरुवार को छापेमारी की गयी. अलकेमिस्ट समूह टीएमसी सांसद केडी सिंह द्वारा नियंत्रित कंपनी है. ईडी ने एक बयान में कहा, ‘छापेमारी में केडी.सिंह के दिल्ली स्थित आवास से घुमा-फिरा कर किये लेनेदेन से संबंधित कई दस्तावेज, डिजिटल सबूत तथा संपत्तियों के दस्तावेज जब्त किये गये. इनके साथ ही 32 लाख रुपये नकद तथा 10 हजार अमेरिकी डॉलर भी जब्त किये गये हैं.’
ईडी ने यह कार्रवाई ऐसे समय की है जब तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दिल्ली में ही हैं. ममता बनर्जी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात भी कर चुकी हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से ममता बनर्जी की मुलाकात के बाद सियासी हलकों में यह चर्चा थी कि इसके जरिये ममता भाजपा नेतृत्व के साथ अपने संबंधों की कटुता कम करना चाहती हैं. पश्चिम बंगाल भाजपा ने इस बारे में आरोप भी लगाया था कि ममता बनर्जी के रूख में यह बदलाव इसलिए आया है क्योंकि वे भ्रष्ट टीएमसी नेताओं को केंद्रीय एजेंसियों से बचाने की हताश कोशिश कर रही हैं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.