केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने कहा - रोजगार की नहीं, उत्तर भारत में काबिल युवाओं की कमी | रविवार, 15 सितंबर 2019
केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने बेरोजगार युवाओं को लेकर एक बड़ा बयान दिया. उन्होंने बरेली में एक कार्यक्रम में कहा कि आज देश में नौकरी की कोई कमी नहीं है बल्कि उत्तर भारत के युवाओं में वह काबिलियत नहीं कि उन्हें रोजगार दिया जा सके.

एएनआई के मुताबिक केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्रालय में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संतोष गंगवार का कहना था, ‘हम इसी मंत्रालय को देखने का काम करते है. इसलिए मुझे जानकारी है की देश में रोजगार की कोई कमी नहीं है. रोजगार बहुत है, रोजगार दफ्तर के आलावा हमारा मंत्रालय भी इसकी मॉनिटरिंग कर रहा है. रोजगार की कोई समस्या नहीं है....हमारे उत्तर भारत में जो लोग भर्ती करने आते हैं, वे सवाल कर देते कि वे जिस पद पर चयन कर रहे हैं उस पद के योग्य लोग कम मिलते हैं.’
फारुक अब्दुल्ला पर पब्लिक सेफ्टी एक्ट लगाया गया | सोमवार, 16 सितंबर 2019
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के मुखिया फारुख अब्दुल्ला की हिरासत को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई. उन पर पब्लिक सेफ्टी एक्ट लगा दिया गया. यानी अब उन्हें दो साल या इससे ज्यादा समय तक हिरासत में रखा जा सकता है. अब तक वे एहतियाती हिरासत में थे. इससे पहले फारुक अब्दुल्ला की हिरासत को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दाखिल एक याचिका पर केंद्र सरकार से एक हफ्ते में जवाब मांगा गया है. पांच अगस्त को जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म किए जाने के बाद से ही फारुक अब्दुल्ला हिरासत में हैं. उनके बेटे उमर अब्दुल्ला और पीडीपी मुखिया महबूबा मुफ्ती सहित कई दूसरे नेता भी हिरासत में रखे गए हैं.
कर्नाटक : दलित सांसद को यादवों की बस्ती में प्रवेश करने से रोका गया | मंगलवार, 17 सितंबर 2019
कर्नाटक में छूआ-छूत की एक चौंकाने वाली घटना सामने आयी. कर्नाटक में भाजपा के एक दलित सांसद को तुमकुरु जिले के एक गांव में गोल्ला (यादवों) की एक बस्ती में कथित तौर पर प्रवेश करने से रोका गया. अधिकारियों ने इस घटना की जांच के आदेश दे दिये हैं. यह घटना सोमवार की शाम उस समय हुई जब चित्रदुर्ग से सांसद ए नारायणस्वामी विकास संबंधी किसी कार्य के लिए पेमनाहल्ली गांव गये थे. यह गांव उनके लोकसभा क्षेत्र में ही आता है. पुलिस के अनुसार सांसद जब यादवों की बस्ती के निकट गये तो कुछ लोगों ने उनसे यह कहते हुए प्रवेश नहीं करने को कहा कि क्योंकि वह दलित हैं और यह उनकी परंपराओं के खिलाफ है. पेमनाहल्ली के कुछ ग्रामीणों ने भी स्थानीय मीडिया को बताया कि उनकी परंपराओं के अनुसार उनकी बस्ती में कोई दलित प्रवेश नहीं कर सकता है.
‘दुनिया में कहीं भी लोगों को मरने के लिये गैस चैंबर में नहीं भेजा जाता’ | बुधवार, 18 सितंबर 2019
देश में सीवर की हाथ से सफाई के दौरान लोगों की मौतों पर सुप्रीम कोर्ट ने गंभीर चिंता जताई. पीटीआई के मुताबिक उसने कहा कि दुनिया में कहीं भी लोगों को मरने के लिये गैस चैंबर में नहीं भेजा जाता. हाथ से मैला साफ करने की परंपरा पर तल्ख टिप्पणी करते हुए सुप्रीम कोर्ट का कहना था, ‘देश को आजाद हुये 70 साल से भी अधिक समय हो गया है लेकिन हमारे यहां जाति के आधार पर अभी भी भेदभाव होता है.’
शीर्ष अदालत ने केंद्र की ओर से पेश अटॉर्नी जनरल के के वेणुगोपाल से सवाल किया कि आखिर सीवर साफ करने वालों को सुविधायें क्यों नहीं मुहैया करायी जातीं. न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा, न्यायमूर्ति एमआर शाह और न्यायमूर्ति बीआर गवई की पीठ ने कहा, ‘आप उन्हें मास्क और ऑक्सीजन सिलेंडर क्यों नहीं उपलब्ध कराते? दुनिया के किसी भी देश में लोगों को गैस चैंबर में मरने के लिये नहीं भेजा जाता. इस वजह से हर महीने चार-पांच व्यक्तियों की मृत्यु हो जाती है.’ पीठ ने आगे कहा, ‘संविधान में प्रावधान है कि सभी मनुष्य समान हैं लेकिन सरकार उन्हें समान सुविधायें मुहैया नहीं कराती.’ सुप्रीम कोर्ट ने इस स्थिति को अमानवीय करार दिया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद ममता बनर्जी ने अमित शाह से भी मुलाकात की | गुरुवार, 19 सितंबर 2019
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और असम में एनआरसी का मुद्दा उठाया. केंद्रीय गृह मंत्री के नार्थ ब्लॉक स्थित कार्यालय में उनसे मिलने के बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि असम में कई भारतीयों को एनआरसी से बाहर कर दिया गया है, गृहमंत्री अमित शाह से इसी सिलसिले में मुलाकात हुई. हालांकि, राजनीतिक जानकार प्रधानमंत्री मोदी के बाद अमित शाह से ममता की मुलाकात को उनके बदले सियासी रूख के तौर पर भी देख रहे हैं.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अमित शाह से मुलाकात के बाद कहा, ‘मैं पश्चिम बंगाल में एनआरसी के मुद्दे पर चर्चा करने नहीं आई थी, मैं असम में एनआरसी पर बात करने आई थी.’ ममता बनर्जी ने अमित शाह से इन लोगों के मामलों की छानबीन कराने का अनुरोध किया क्योंकि इनमें काफी संख्या में बांग्ला भाषी और हिंदी भाषी लोग तथा गोरखा और असमी लोग शामिल हैं.
चिन्मयानंद को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया | शुक्रवार, 20 सितंबर 2019
एक छात्रा के यौन शोषण के आरोपों से घिरे भाजपा नेता चिन्मयानंद को गिरफ्तार कर लिया गया. एसआईटी की एक टीम ने उन्हें उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित उनके आश्रम से गिरफ्तार किया. इसके बाद चिन्मयानंद को अदालत में पेश किया गया जिसने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. कानून की पढ़ाई कर रही इस छात्रा ने 24 अगस्त को एक वीडियो वायरल करके चिन्मयानंद पर कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाया था. उसका यह भी दावा था कि उसे और उसके परिवार को जान का खतरा है. इसके बाद वह लापता हो गई थी. इस मामले में चिन्मयानंद के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया था. बाद में राजस्थान में बरामद की गई छात्रा ने चिन्मयानंद पर बलात्कार का आरोप भी लगाया था. उसका यह भी कहना था कि प्रशासन उस पर दबाव बना रहा है और पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में टालमटोल कर रही है. हालांकि पुलिस ने इससे इनकार किया था.
महाराष्ट्र, हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 21 अक्टूबर को, नतीजे 24 अक्टूबर को आएंगे | शनिवार, 21 सितंबर 2019
महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखें घोषित कर दी गई. इन दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 21 अक्टूबर को होगा और मतगणना 24 अक्टूबर को होगी. चुनाव आयोग ने शनिवार को एक प्रेस कान्फ्रेंस में यह घोषणा की. मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि हरियाणा और महाराष्ट्र में चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही दोनों राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है. आचार संहिता लागू होने के बाद वर्तमान सरकार न तो कोई नई घोषणा कर सकेगी और न ही कोई नई योजना लागू कर पाएगी.
महाराष्ट्र की 288 सदस्यों वाली विधानसभा सभा का कार्यकाल नौ नवंबर को समाप्त हो रहा है जबकि हरियाणा की 90 सदस्यों वाली विधानसभा का कार्यकाल दो नवंबर को पूरा होगा.
देश और दुनिया की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.