चुनाव आयोग का बड़ा फैसला, कर्नाटक की 15 विधानसभा सीटों पर होने वाला उपचुनाव टाला
कर्नाटक की 15 विधानसभा सीटों पर 21 अक्टूबर को होने वाला उपचुनाव टल गया है. चुनाव आयोग ने आज सुप्रीम कोर्ट को यह जानकारी दी. आयोग के मुताबिक उसने ये फैसला इसलिए किया है ताकि शीर्ष अदालत राज्य के उन विधायकों की याचिका पर फैसला कर सके जिन्होंने उन्हें अयोग्य घोषित किए जाने को चुनौती दी है. इन विधायकों के अयोग्य घोषित होने के बाद ही उनकी सीटों पर उपचुनाव हो रहा है. ये विधायक कांग्रेस और जेडीएस के हैं. इसी जुलाई में इन्होंने इस्तीफा दे दिया था और इनकी इस बगावत के चलते अल्पमत में आई एचडी कुमारस्वामी सरकार गिर गई थी. हालांकि विधानसभा अध्यक्ष केआर रमेश ने उनका इस्तीफा स्वीकार करने के बजाय इन्हें अयोग्य घोषित कर दिया था. विधायकों ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. उनका कहना था कि विधानसभा अध्यक्ष का यह फैसला मनमानी और संविधान द्वारा उन्हें दी गई शक्तियों का दुरुपयोग है.
पंजाब में पाकिस्तानी ड्रोनों से हथियार गिराए जाने पर गृह मंत्रालय चिंतित, सुरक्षा एजेंसियों से जवाब मांगा
पाकिस्तानी ड्रोनों के जरिये पंजाब में हथियार गिराए जाने को लेकर गृह मंत्रालय ने सभी संबंधित एजेंसियों से जवाब मांगा है. उसने पूछा है कि ड्रोनों की ये गतिविधि पकड़ में क्यों नहीं आ सकी. गृह मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक पंजाब में यह पहली बार है जब इस तरह का सामान गिराने के लिए सीमा पार से ड्रोन का इस्तेमाल किया गया है. इससे पहले राज्य के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा था कि पाकिस्तानी ड्रोनों द्वारा राज्य के तरनतारन जिले में सात से आठ बार नकली मुद्रा, संचार उपकरणों और हथियारों की खेप गिराई गई है. बताया जा रहा है कि ये खेप खलिस्तान समर्थक तत्वों के अलावा जम्मू-कश्मीर में हालात अस्थिर करने की कोशिश कर रहे आतंकियों के लिए भी थी. अमरिंदर सिंह ने इस मामले में गृह मंत्री अमित शाह से मदद मांगी है. उनकी सरकार ने इस सिलसिले में जांच एनआईए को सौंपने का निर्णय भी किया है.
दिल्ली : अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन, कई हिरासत में लिए गए
दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के सामने विरोध प्रदर्शन किया. इनमें से कइयों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. भाजपा की दिल्ली इकाई ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है. इसमें कहा गया है कि आप संयोजक ने दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचली समाज के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी कर कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब करने की कोशिश की है. ये पूरा विवाद राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर यानी एनआरसी को लेकर अरविंद केजरीवाल की टिप्पणी के बाद शुरू हुआ. उन्होंने कहा कि दिल्ली में एनआरसी लागू हुआ दिल्ली भाजपा के मुखिया मनोज तिवारी को वापस जाना होगा. इस पर मनोज तिवारी ने भी पलटवार किया. उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री दूसरे राज्य के लोगों को विदेशी मान रहे हैं तो उनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है. मनोज तिवारी कई बार असम की तरह राजधानी में भी एनआरसी लागू करने की मांग कर चुके हैं.
पीएमसी बैंक के ग्राहकों को रिजर्व बैंक की राहत, अब हर दिन 10 हजार रु निकाल सकेंगे
भारतीय रिजर्व बैंक ने पंजाब ऐंड महाराष्ट्र कोऑपरेटिव यानी पीएमसी बैंक के ग्राहकों को बड़ी राहत दी है. केंद्रीय बैंक के एक निर्देश के मुताबिक खाताधारक अब अपने अकाउंट से हर दिन 10 हजार रुपये निकाल सकेंगे. पहले ये सीमा सिर्फ एक हजार रुपये थी. आरबीआई ने कहा है कि इस सहूलियत के बाद बैंक के 60 फीसदी से ज्यादा खाताधारक बैंक में जमा अपनी पूरी रकम निकालने में सक्षम होंगे. खराब माली हालत के चलते पीएमसी को आरबीआई ने अपनी निगरानी में ले लिया है और उस पर कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए हैं. रिज़र्व बैंक ने कहा है कि बिना उसकी लिखित अनुमति के पीएमसी बैंक फिक्स डिपॉज़िट नहीं कर सकता और न ही वो क़र्ज़ दे सकता है. उसके कोई नया निवेश करने पर भी रोक लग गई है.
जीएसके ने जिनटैक को बाजार से वापस मंगाने का फैसला किया
दिग्गज फार्मा कंपनी जीएसके ने कहा है कि वो अपनी मशहूर दवा जिनटैक के कई बैच बाजार से वापस मंगा रही है. उसका कहना है कि ऐसा एहतियातन किया जा रहा है. हाल के दिनों में खबरें आई हैं कि एसिडिटी के लिए इस्तेमाल होने वाली आम दवा रैनिटिडीन में कैंसरकारी अशुद्धियों की मौजूदगी हो सकती है. जिनटैक, एसिलॉक और रैनटैक भारतीय बाजार में रैनिटिडीन के सबसे बड़े ब्रांड हैं. अभी ये साफ नहीं है कि दूसरी कंपनियां भी अपने ब्रांड वापस मंगा रही हैं या नहीं. पिछले दिनों भारत के दवा नियंत्रक महानिदेशक ने राज्यों से कहा था कि वे इस संबंध में उचित कार्रवाई करें. ये मुद्दा सबसे पहले अमेरिकी खाद्य नियामक यूएस एफडीए ने उठाया था.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.