ऑटोमोबाइल बाजार में सुस्ती जारी, मारुति की बिक्री 24 फीसदी गिरी
गाड़ियों की बिक्री में गिरावट का सिलसिला जारी है. देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया की सितंबर महीने में बिक्री 24.4 फीसदी घट गई है. कंपनी ने एक बयान में कहा है कि ऑल्टो और वैगन आर समेत कंपनी की मिनी कारों की बिक्री इस साल सितंबर के दौरान 42.6 फीसदी गिर गई. कंपनी के निर्यात में भी 17.8 फीसदी की कमी आई है. इसके अलावा व्यावसायिक गाड़ियां बनाने वाली अशोक लीलैंड और दोपहिया वाहन निर्माता बजाज ऑटो की बिक्री में भी सितंबर में गिरावट देखी गई. गिरती बिक्री के चलते बढ़ी इनवेंट्री की वजह से कई कंपनियों ने अब महीने में कुछ दिन उत्पादन बंद रखने का फैसला किया है. वाहन निर्माता सरकार से कुछ प्रोत्साहन उपायों की मांग भी कर रहे हैं.
अनुच्छेद 370 पर केंद्र के फैसले के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई 14 नवंबर से
अनुच्छेद 370 पर केंद्र के फैसले की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर 14 नवंबर से सुनवाई की जाएगी. जस्टिस एनवी रमण की अगुवाई वाली पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने आज ये फैसला किया. उसने इन याचिकाओं पर केंद्र और जम्मू-कश्मीर प्रशासन को अपना जवाबी हलफनामा दायर करने की अनुमति भी दे दी. पीठ ने कहा कि केंद्र और जम्मू-कश्मीर प्रशासन को इस मामले में चार सप्ताह में अपना जवाब दाखिल करना होगा और इस पर याचिकाकर्ता अपना जवाब एक हफ्ते में दाखिल कर सकते हैं. संविधान पीठ ने इस मामले में अब कोई भी नयी याचिका दायर करने पर रोक लगा दी है. मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई ने इस मसले पर सुनवाई के लिए बीते शनिवार को एक संविधान पीठ गठित की थी.
इसी अगस्त में केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी कर दिया था. साथ ही उसने राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटने का भी फैसला किया था.
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 125 उम्मीदवारों की सूची जारी की
भाजपा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिये 125 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी कर दी है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम से चुनाव लड़ेंगे. पार्टी ने अपने 12 विधायकों को टिकट नहीं दिया है. भाजपा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव अपनी सहयोगी शिवसेना और कुछ छोटे दलों के साथ मिलकर लड़ेगी. बताया जा रहा है कि शिव सेना 124 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी जबकि बाकी की 164 सीटों में से कुछ भाजपा छोटी सहयोगी पार्टियों के लिए छोड़ेगी. महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को मतदान होना है. उधर, चुनाव से पहले आज मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस को बड़ा झटका लगा है. सुप्रीम कोर्ट ने उनके खिलाफ एक मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट का आदेश पलटते हुए उन्हें आपराधिक सुनवाई का सामना करने का आदेश दिया है. देवेंद्र फड़णवीस पर आरोप है कि उन्होंने 2014 में अपने चुनावी शपथपत्र में खुद पर दर्ज दो आपराधिक मामलों की जानकारी नहीं दी थी.
सुप्रीम कोर्ट ने एससी-एसटी एक्ट पर अपना फैसला वापस लिया, कहा - दुरुपयोग कानून के प्रावधान ढीले करने का आधार नहीं हो सकता
सुप्रीम कोर्ट ने अपना वो आदेश वापस ले लिया है जिसमें उसने एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के बाद फौरन गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी. आज अदालत ने कहा कि अब एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज होने पर आरोपित की गिरफ्तारी से पहले प्राथमिक जांच की जरूरत भी नहीं होगी. अपने फैसले के पीछे सुप्रीम कोर्ट ने एससी-एसटी एक्ट के दुरुपयोग का हवाला दिया था. लेकिन आज उसने कहा कि ये इस कानून के प्रावधानों में ढील देने का आधार नहीं हो सकता. 2018 में आए इस फैसले पर काफी विवाद हुआ था. दलित संगठनों ने आरोप लगाया था कि इस फैसले ने उन्हें संरक्षण देने के लिए बने कानून को कमजोर किया है. सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला केंद्र सरकार के लिए भी राहत बनकर आया है जिसने अनुरोध किया था कि अदालत फैसले पर फिर से विचार करे.
इमरान खान ने मलीहा लोधी की छुट्टी की, अब मुनीर अकरम संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि होंगे
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की प्रतिनिधि रहीं मलीहा लोधी की छुट्टी कर दी है. उन्होंने ये कदम अमेरिका यात्रा से लौटने के महज एक दिन बाद उठाया. मलीहा लोधी की जगह अब मुनीर अकरम संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि होंगे. मलीहा लोधी को क्यों हटाया गया, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. लेकिन कई मान रहे हैं कि वे कश्मीर मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र में अपेक्षित काम नहीं सकीं और इसलिए उन्हें जाना पड़ा. बल्कि कुछ मौकों पर तो उन्होंने पाकिस्तान की किरकिरी ही करवाई. बीते दिनों एक ट्वीट में उन्होंने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को विदेश मंत्री लिख दिया. इसी तरह एक बार उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में एक लड़की की तस्वीर दिखाते हुए उसे कश्मीर में पैलेट गन की शिकार बताया था. बाद में पता चला कि वो तस्वीर गाजा पट्टी में रहने वाली एक फिलिस्तीन लड़की की थी.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.