सुप्रीम कोर्ट ने बीते साल एससी-एसटी एक्ट को लेकर दिया गया अपना आदेश वापस ले लिया है. इसमें इस एक्ट के दुरुपयोग का हवाला देते हुए इसके तहत मामला दर्ज होने पर फौरन गिरफ्तारी के प्रावधान को ढीला किया गया था. अदालत ने कहा था कि पहले प्राथमिक जांच होगी और तब गिरफ्तारी का फैसला होगा. कल सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि देश में वंचित तबकों का संघर्ष अभी जारी है और दुरुपयोग कानून में ढील देने का आधार नहीं हो सकता. यह खबर आज सभी अखबारों के पहले पन्ने पर है.
कल ही सुप्रीम कोर्ट ने अनुच्छेद 370 पर केंद्र के फैसले के खिलाफ दायर याचिकाओं पर 14 नवंबर से सुनवाई करने की बात भी कही है. इसके अलावा उसने बॉम्बे हाईकोर्ट का फैसला पलटते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस के खिलाफ आपराधिक मामला चलाए जाने की इजाजत भी दे दी. उन पर आरोप है कि उन्होंने 2014 में अपने चुनावी शपथपत्र में खुद पर चल रहे दो मुकदमों का जिक्र नहीं किया था. ये सभी खबरें भी अखबारों की प्रमुख सुर्खियों में शामिल हैं.

दो साल संघ में बिताएं, गलतफहमियां दूर हो जाएंगी : मोहन भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने स्पष्ट किया है कि उनके संगठन को एक खास विचारधारा और किताब की सीमाओं में नहीं बांधा जा सकता. दैनिक जागरण के मुताबिक उन्होंने एक बार फिर लोगों से आरएसएस को लेकर कोई धारणा बनाने के पहले संघ में आने का आग्रह किया. दिल्ली में एक आयोजन में उन्होंने कहा, ‘कम से कम दो साल संघ में बिताएं, सभी गलतफहमियां दूर हो जाएंगी.’ हाल में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने संघ की आलोचना की थी
झारखंड के एक जिले में छह साल में गोहत्या के 53 मामले दर्ज हुए, आखिर में सभी आरोपित बरी
झारखंड के खूंटी जिले में बीते छह साल के दौरान गोहत्या के 53 मामले दर्ज हुए और सभी में आरोपित बरी हो गए. द इंडियन एक्सप्रेस ने अदालती रिकॉर्ड्स के हवाले से यह खबर दी है. इसके मुताबिक कुछ मामलों में अदालत ने पाया कि जब्त किया गया मांस जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा ही नहीं गया. उधर, कई मामले ऐसे रहे जिनमें गवाह अदालत में पेश ही नहीं हुए. ऐसे दो मामलों में गवाह बजरंग दल के कार्यकर्ता थे.
जम्मू में आतंकी हमले की साजिश विफल, तीन गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने राज्य में एक आतंकी हमले की साजिश को विफल करने का दावा किया है. द ट्रि्ब्यून के मुताबिक जम्मू में एक बस से 15 किलो विस्फोटक बरामद किया गया. बताया जाता है कि यह बस कठुआ से जम्मू आई थी. खबर के मुताबिक दो लोगों ने कंडक्टर को विस्फोटक से भरा यह बैग देकर कहा था कि इसे जम्मू पहुंचने पर कोई उससे ले लेगा. लेकिन खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने बस की तलाशी ली और इसे जब्त कर लिया. इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.