प्याज पर केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, निर्यात पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई | रविवार, 29 सितम्बर 2019
केंद्र सरकार ने हर किस्म के प्याज के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी. प्याज की बढ़ती कीमतों के बीच घरेलू बाजार में इसकी उपलब्धता बढ़ाने के लिए सरकार ने यह बड़ा कदम उठाया. पीटीआई के मुताबिक वाणिज्य मंत्रालय के तहत आने वाले विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने रविवार को यह अधिसूचना जारी की. अधिसूचना में कहा गया है, ‘सभी किस्म के प्याज पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है.’ डीजीएफटी ही आयात और निर्यात से संबंधित मुद्दों को देखता है. (विस्तार से)

सुप्रीम कोर्ट ने एससी-एसटी एक्ट पर अपना फैसला वापस लिया | सोमवार, 30 सितम्बर 2019
सुप्रीम कोर्ट ने अपना वह आदेश वापस ले लिया है जिसमें उसने एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के बाद फौरन गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी. 2018 में आए इस फैसले पर काफी विवाद हुआ था. दलित संगठनों ने आरोप लगाया था कि इस फैसले ने उन्हें संरक्षण देने के लिए बने कानून को कमजोर किया है. उन्होंने इस पर भारत बंद का आयोजन भी किया था. आज अदालत ने कहा कि अब एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज होने पर आरोपित की गिरफ्तारी से पहले प्राथमिक जांच की जरूरत भी नहीं होगी, जैसा कि उसने अपने आदेश में कहा था. सुप्रीम कोर्ट का कहना था कि देश में समानता के लिए दलितों और अनूसूचित जनजातियों का संघर्ष अभी खत्म नहीं हुआ है. (विस्तार से)
अनुच्छेद 370 पर केंद्र के फैसले के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई 14 नवंबर से | मंगलवार, 01 अक्टूबर 2019
अनुच्छेद 370 पर केंद्र के फैसले की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर 14 नवंबर से सुनवाई की जाएगी. न्यायमूर्ति एनवी रमण की अगुवाई वाली सुप्रीम कोर्ट की पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने मंगलवार को इन याचिकाओं पर केंद्र और जम्मू-कश्मीर प्रशासन को अपना जवाबी हलफनामा दायर करने की अनुमति भी दे दी. पीटीआई के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं का यह अनुरोध ठुकरा दिया कि केंद्र और जम्मू-कश्मीर प्रशासन को जवाबी हलफनामे दायर करने के लिए दो सप्ताह से अधिक समय न दिया जाए. (विस्तार से)
तेजस एक्सप्रेस के यात्रियों को ट्रेन के देर से आने पर मुआवजा दिया जायेगा | बुधवार, 02 अक्टूबर 2019
दिल्ली-लखनऊ तेजस एक्सप्रेस के यात्रियों को ट्रेन के देर से आने पर मुआवजा दिया जायेगा. रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. रेलवे की ओर से इस तरह की यह पहली घोषणा है. पीटीआई के अनुसार आईआरसीटीसी ने अपनी पहली ट्रेन की शुरुआत से पहले मंगलवार को कहा कि एक घंटे से अधिक का विलंब होने पर 100 रुपये की राशि अदा की जाएगी. अगर दो घंटे से अधिक की देरी होती है तो यात्री को 250 रुपए का मुआवजा दिया जाएगा. (विस्तार से)
मनमोहन सिंह करतारपुर जाने वाले सर्वदलीय जत्थे में शामिल होंगे : अमरिंदर सिंह | गुरूवार, 03 अक्टूबर 2018
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह करतारपुर साहिब गुरुद्वारा जाने वाले पहले सर्वदलीय जत्थे का हिस्सा होंगे. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मनमोहन सिंह पाकिस्तान के निमंत्रण पर करतारपुर गलियारा उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं हो रहे हैं. बुधवार को कुछ चैनलों पर ऐसी खबरें प्रसारित हुई थीं कि पूर्व प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान का न्योता स्वीकार कर लिया है और वे करतारपुर गलियारा के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए पाकिस्तान जाएंगे. (विस्तार से)
मॉब लिंचिंग पर प्रधानमंत्री को पत्र लिखने वाले रामचंद्र गुहा और अन्य पर राजद्रोह का मामला दर्ज | शुक्रवार, 04 अक्टूबर 2019
देश में बढ़ रहे मॉब लिंचिंग (भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या) के मामलों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली चिट्ठी लिखने वाले करीब 50 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई. इन लोगों में चर्चित इतिहासकार रामचंद्र गुहा के अलावा फिल्म निर्देशक मणि रत्नम और अपर्णा सेन शामिल हैं. मुजफ्फरपुर के एक स्थानीय अधिवक्ता की ओर से दो महीने पहले दायर की गई एक याचिका पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) सूर्यकांत तिवारी के आदेश के बाद यह प्राथमिकी दर्ज हुई है. इस अधिवक्ता का आरोप है कि इन हस्तियों ने देश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि को धूमिल किया. पुलिस ने बताया कि एफआईआर भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गयी है. इसमें राजद्रोह, उपद्रव करने, शांति भंग करने के इरादे से धार्मिक भावनाओं को आहत करने से संबंधित धाराएं लगाई गईं हैं. (विस्तार से)
हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर ने पार्टी से इस्तीफा दिया | शनिवार, 05 अक्टूबर 2019
हरियाणा विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे से नाराज प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर ने शनिवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. इससे पहले अशोक तंवर ने राज्य विधानसभा चुनाव के लिए बनी सभी समितियों से इस्तीफा दे दिया था. अशोक तंवर ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा कि उनके सामने कांग्रेस छोड़ने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था. उन्होंने यह भी कहा कि वह फिलहाल भाजपा या किसी अन्य पार्टी में शामिल होने नहीं जा रहे हैं. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे इस्तीफे में अशोक तंवर ने आरोप लगाया कि पार्टी को खत्म करने की साजिश रची जा रही है. (विस्तार से)
देश और दुनिया की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.