राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि मॉब लिंचिंग की आड़ में देश को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है. यह खबर आज लगभग सभी अखबारों के पहले पन्ने पर है. मोहन भागवत ने कहा कि लिंचिंग पश्चिमी समाज से आयातित शब्द है जिसका इस्तेमाल भारत के संदर्भ में नहीं होना चाहिए. इसके अलावा भारत को पहला रफाल लड़ाकू विमान मिल गया है. फ्रांस में हुए एक कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस विमान की शस्त्र पूजा की और इसमें करीब 25 मिनट तक उड़ान भरी. इस खबर को भी अखबारों ने प्रमुखता से जगह दी है.

‘कांग्रेस हार की समीक्षा नहीं कर पाई क्योंकि राहुल गांधी ने इस्तीफा दे दिया’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा है कि पार्टी लोकसभा चुनाव में मिली हार की अब तक समीक्षा नहीं कर सकी है. द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए नहीं किया जा सका कि राहुल गांधी ने इस्तीफा दे दिया जिससे एक खाली जगह पैदा हो गई. पूर्व विदेश मंत्री ने कहा कि यह समीक्षा जितनी जल्दी कर ली जाए उतना बेहतर रहेगा. सलमान खुर्शीद का यह भी कहना था कि वे सोनिया गांधी को पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष बनाए जाने की व्यवस्था से खुश नहीं हैं. उन्होंने कहा कि जो भी हो वह स्थायी हो.
चीन का रुख बदला, कहा - कश्मीर मसला भारत और पाकिस्तान मिलकर सुलझाएं
राष्ट्रपति शी चिनफिंग की भारत यात्रा से ठीक पहले चीन कश्मीर मुद्दे पर अपने पुराने रुख पर लौट आया है. दैनिक जागरण के मुताबिक कश्मीर को द्विपक्षीय मसला बताते हुए उसने कहा है कि भारत और पाकिस्तान को बातचीत के जरिए इसका समाधान निकालना चाहिए. दो हफ्ते पहले चीन ने कश्मीर मसले को लेकर संयुक्त राष्ट्र चार्टर और प्रस्तावों की बात कही थी. चीन का यह बयान ऐसे समय में भी आया है, जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मिलने मंगलवार को बीजिंग पहुंचे और उससे एक दिन पहले से पाकिस्तान सेना प्रमुख कमर अहमद बाजवा बीजिंग में मौजूद हैं.
जम्मू-कश्मीर में आज या कल से मोबाइल सेवाएं शुरू हो सकती हैं
जम्मू-कश्मीर में आज या कल से मोबाइल सेवाएं शुरू हो सकती हैं. द ट्रिब्यून ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है. बताया जा रहा है कि पहले सरकारी दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल की पोस्टपेड मोबाइल सेवा शुरू होगी. सूत्रों के मुताबिक केंद्र इस पर सहमत हो गया है और अब सिर्फ तारीख का ऐलान किया जाना है. जम्मू-कश्मीर में करीब 60 लाख मोबाइल कनेक्शन हैं. इनमें करीब 60 हजार बीएसएनएल के पोस्टपेड कनेक्शन हैं. इससे पहले प्रशासन ने राज्य में पर्यटकों के आवागमन को लेकर जारी एडवाइजरी वापस ले ली थी. पांच अगस्त को जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म होने के बाद से वहां कई तरह की पाबंदियां लगाई गई थीं.
बीमा कंपनियों के विलय पर फैसला जल्द
बीमा कंपनियों के विलय पर जल्द ही फैसला हो सकता है. हिंदुस्तान की एक खबर के मुताबिक वित्त मंत्रालय ने तीन बीमा कंपनियों के विलय का कैबिनेट नोट तैयार कर मंजूरी के लिए भेज दिया है. विलय का प्रस्ताव इस साल के बजट में किया गया था. कैबिनेट की मंजूरी के साथ ही ओरिएंटल इंश्योरेंस, नेशनल इंश्योरेंस और यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस के विलय की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. इससे बनने वाली कंपनी साधारण बीमा के क्षेत्र में देश की सबसे बड़ी कंपनी होगी जिसका बाजार के 35 फीसदी हिस्से पर कब्जा होगा.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.