अपने अकाउंट विभाग के अधिकारियों के यहां आयकर विभाग की छापामारी के खिलाफ कांग्रेस चुनाव आयोग पहुंची है. कांग्रेस ने आयोग से मांग की है कि चुनाव के दौरान उसके खिलाफ एजेंसियों के दुरुपयोग पर रोक लगनी चाहिए.
पीटीआई के मुताबिक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल, कपिल सिब्बल, आनंद शर्मा और मनीष तिवारी के शिष्टमंडल ने इस मामले को लेकर मंगलवार को चुनाव आयोग से शिकायत की.
इसके बाद कपिल सिब्बल ने संवाददाताओं से कहा, ‘अब ये नौबत आ गई है कि जैसे ही चुनाव आता है कि सीबीडीटी के लोग बिना किसी वारंट और दस्तावेज के हमारे अकाउंटैंट के फ्लैट में पहुंच जाते हैं और कब्जा कर लेते हैं...हमारे अकाउंट विभाग में काम नहीं हो पा रहा है. हम चुनाव के लिए जरूरी खर्च का भुगतान कैसे करेंगे?’
उन्होंने आगे कहा, ‘ये लोकतंत्र पर हमला नहीं है तो क्या है? यह बात हमने चुनाव आयोग से कही है. हमने कहा है कि कम से कम चुनाव के दौरान इस पर रोक लगाई जाए. अगर ऐसा कुछ करना है तो वो चुनाव आयोग की अनुमति लें.’’
कपिल सिब्बल ने सवाल करते हुए कहा, ‘कृपया सरकार बताये कि उन्होंने अपने एवं सहयोगी दलों के किसी पदाधिकारी के यहां छापेमारी कराई है.’
मंगलवार को कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के शिष्टमंडल ने हरियाणा के कैथल में अनुसूचित जाति वर्ग के मतदाताओं को कथित तौर पर धमकाए जाने को लेकर भी चुनाव आयोग को एक ज्ञापन सौंपा.
मीडिया से बातचीत में कपिल सिब्बल ने दावा किया, ‘कैथल में गुंडे सड़कों पर आ गए हैं और अनुसूचित जाति के लोगों को धमकी दे रहे हैं. ऐसे लोकतंत्र कैसे चलेगा. हमने आज चुनाव से यह आग्रह भी किया है कि इस मामले की जांच कराएं और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करें.’
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.