अमेरिका द्वारा वैश्विक स्तर पर अलग-थलग करने के प्रयास किये जाने के बावजूद चीन की दिग्गज टेलिकॉम कंपनी ह्वावे की आय तेजी से बढ़ी है. 2019 के शुरुआती नौ महीनों में कंपनी की आय में 24.4 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है.
पीटीआई के मुताबिक जनवरी से सितंबर की अवधि में कंपनी की आय सालाना आधार पर 24.4 प्रतिशत बढ़कर 610.8 अरब युआन (86.2 अरब डॉलर) रही. कंपनी के लाभ मार्जिन में 8.7 प्रतिशत की बढ़त भी दर्ज की गयी है.
ह्वावे ने एक बयान जारी कर कहा कि कंपनी ने सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के बुनियादी ढांचों और स्मार्ट उपकरणों से जुड़े अपने उत्पादों को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया है. उसने अपनी कम्युनिकेशन तकनीक की गुणवत्ता और क्षमता को और बेहतर किया है. इससे दुनियाभर में ह्वावे की जड़ें और मजबूत हुई हैं जिससे 2019 की शुरुआती तीन तिमाहियों में कंपनी का प्रदर्शन सुधरा है.
ह्वावे दूरसंचार नेटवर्क उपकरण के मामले में पहली और स्मार्टफोन निर्माण में दुनिया की दूसरी बड़ी कंपनी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न केवल अमेरिका बल्कि दुनियाभर में ह्वावे की सेवाओं पर रोक लगाने की मुहिम छेड़ रखी है. इस साल की शुरुआत में अमेरिका ने इस चीनी कंपनी खिलाफ धोखाधड़ी, जासूसी और बौद्धिक संपदा की चोरी के कई मामले दर्ज किये थे. बीते मई में डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश जारी कर उसके उपकरणों, वायरलेस और इंटरनेट नेटवर्क की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया. इसके बाद ह्वावे को ब्लैकलिस्ट भी कर दिया गया. माना जा रहा था कि अमेरिका के इस कदम से कंपनी को बड़ा घाटा होगा, लेकिन ह्वावे ने चौंकाते हुए मुनाफा कमाया है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.