नेटफ्लिक्स ने उन खबरों का खंडन किया है, जिनमें कहा गया था कि नेटफ्लिक्स के वरिष्ठ अधिकारियों ने आरएसएस के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की है. कंपनी की वरिष्ठ अधिकारी सृष्टि बहल आर्या ने कहा कि आरएसएस के प्रतिनिधियों से नेटफ्लिक्स के अधिकारियों की मुलाकात की बात पूरी तरह फर्जी है.
दरअसल, बीच में इस तरह की खबरें आईं थीं कि आरएसएस केंद्र की भाजपा सरकार की आलोचना करने वाली सामग्री पर नजर रखने के लिए नेटफ्लिक्स, अमेजॉन और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्मों के अधिकारियों के साथ अनौपचारिक मुलाकातें कर रहा है. जियो मामी 21वें मुंबई फिल्मोत्सव में ‘आर्टिस्टिक फ्रीडम: मैपिंग आउट द एंटरटेनमेंट स्टोरी’ विषय पर आयोजित परिचर्चा को संबोधित करने आईं नेटफ्लिक्स की निदेशक सृष्टि से इस बारे में मीडिया ने सवाल किए. इस पर उन्होंने कहा, ‘यह सही खबर नहीं है. ऐसी कोई मुलाकात नहीं हुई. यह फर्जी खबर है.’
सरकार डिजिटल सामग्री पर सेंसर लगाने के बारे में भी सोच रही है? इस सवाल पर नेटफ्लिक्स की सृष्टि बहल आर्या ने कहा, ‘कानून तो कानून है. यह इस तरह नहीं है कि मैं तुम्हें पसंद नहीं करती तो तुम्हें मार दूंगी. कानून में जो भी अनुमति है, हम उसी हिसाब से काम करेंगे.’
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.