ब्रिटेन की एक अदालत ने भगोड़ा हीरा कारोबारी नीरव मोदी की नयी जमानत याचिका भी खारिज कर दी है. बुधवार को उसे इस याचिका की सुनवाई के लिए लंदन स्थित वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट की अदालत के समक्ष पेश किया गया.
पीटीआई के मुताबिक नीरव मोदी ने मुचलके के तौर पर 40 लाख पाउंड भुगतान करने की पेशकश की. साथ ही अपनी इस नयी याचिका में बेचैनी और अवसाद की समस्या का भी दावा किया. लेकिन न्यायाधीश एम्मा अर्बथनॉट ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी.
ख़बरों के मुताबिक अदालत में पिछली पेशी की तुलना में नीरव इस बार तंदुरूस्त लग रहा था. उसने ब्लू स्वेटर पहन रखा था और दाढ़ी भी बना रखी थी.
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के साथ करीब दो अरब डॉलर की धोखाधड़ी करने एवं धन शोधन के आरोप में नीरव मोदी को भारत को प्रत्यर्पित किए जाने के संबंध में यह सुनवाई चल रही है.
नीरव मोदी को स्कॉटलैंड यार्ड के अधिकारियों ने बीते 19 मार्च को गिरफ्तार किया था. वह तब से ही दक्षिण-पश्चिम लंदन की वैंड्सवर्थ जेल में बंद है.
नीरव मोदी की कानूनी टीम में सॉलिसीटर आनंद दूबे और बैरिस्टर क्लेयर मोंटगोमरी शामिल हैं. ये लोग उसकी गिरफ्तारी के बाद से पांच जमानत याचिकाएं दायर कर चुके हैं जिन्हें अदालत ने ख़ारिज कर दिया. अदालत ने अब तक उस दलील को सही माना है जिसमें कहा गया कि जमानत मिलने पर नीरव मोदी फरार हो सकता है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.