मध्य प्रदेश कांग्रेस के एक विधायक द्वारा कथित तौर पर जिंदा जलाने की धमकी दिए जाने पर भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कांग्रेस को सिख दंगों की याद दिलाई है. उन्होंने कहा है कि कांग्रेसियों के पास लोगों को जिंदा जलाने का पुराना अनुभव है, जैसा उन्होंने 1984 के दंगों में सिखों के साथ किया था.
शनिवार को कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी के बयान वाले वीडियो को ट्वीट करते हुए प्रज्ञा ने कांग्रेस पर जमकर कटाक्ष किया. उन्होंने लिखा, ‘यह हैं कांग्रेस के विधायक गोवर्धन दांगी, दिग्विजय सिंह के खास, राहुल गांधी के विचारों के पोषक और कमलनाथ सरकार के पैरोकार, अहिंसा के पुजारी.’
प्रज्ञा ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘कांग्रेसियों को जिंदा जलाने का पुराना अनुभव है. 1984 में सिखों को और नैना साहनी को तंदूर में जलाने तक का. राहुल गांधी ने आतंकी कहा और उनके विधायक गोवर्धन दांगी मुझे जलाएंगे. ठीक है तो मैं आ रही हूं ब्यावरा, विधायक के निवास मुल्तानपुरा पर आठ दिसंबर 2019 समय शाम 4 बजे, जला लीजिए.’
मध्य प्रदेश के ब्यावरा से कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी ने नाथूराम गोडसे को संसद में देशभक्त बताए जाने पर प्रज्ञा ठाकुर को जला देने की धमकी दी थी. उन्होंने कहा था कि अगर वह उनके निर्वाचन क्षेत्र में प्रवेश करती हैं तो उन्हें जिंदा जला दिया जाएगा. हालांकि, दांगी ने कुछ देर बाद अपनी विवादास्पद टिप्पणी के लिए माफी मांगते हुए कहा था कि उनसे गलती गई.
अपनी टिप्पणी पर विवाद के बाद दांगी ने मीडिया से कहा कि वह महात्मा गांधी के सिद्धांतों का पालन करते हैं और अपने बयान को गलती मानते हुए इसके लिए माफी मांगते हैं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.